Site iconSite icon AR Live News

बांसवाड़ा के कालाखूंटा मैगनीज ब्लॉक के कंपोजिट लाइसेंस की 12.11% प्रीमियम पर ई-नीलामी

प्रदेश में पहली बार किसी माइनिंग ब्लॉक की कंपोजिट लाइसेंस के रुप में हुई नीलामी

बांसवाड़ा-राजसमंद में है 20 मिलियन टन मैगनीज भण्डार

जयपुर(एआर लाइव न्यूज) उदयपुर संभाग के बांसवाडा के कालाखूंटा में मेजर मिनरल मैगनीज ब्लॉक के कंपोजिट लाइसेंस की 12.11 प्रतिशत प्रीमियम दर पर ई-नीलामी की गई है।
एसीएस माइंस डॉ.सुबोध अग्रवाल ने बताया कि राज्य में पहली बार किसी माइनिंग ब्लॉक की कंपोजिट लाइसेंस के रुप में नीलामी की गई है। इससे पहले किसी भी खनिज के लिए खनन पट्टों के लिए नीलामी की जाती रही है। कंपोजिट लाइसेंस के अनुसार संबंधित लाइसेंसधारी द्वारा खनिज के अनुमानित भण्डार की खोज का कार्य किया जाएगा, उसके बाद खनन पट्टा जारी होगा।

खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने इसे राज्य में माइनिंग क्षेत्र में यह बड़ी उपलब्धी बताया है। अग्रवाल ने बताया कि आरंभिक अनुमानों के अनुसार राज्य में मैगनीज के 20 मिलियन टन भण्डार उपलब्ध है। इसमें मुख्यत: मैगनीज के भण्डार बांसवाडा जिले में हैं वहीं कुछ भण्डार राजसमंद जिले में भी पाये गये हैं। बांसवाड़ा के कालाखूंटा, तम्बेसरा, रुपाखेड़ा, नयागांव में करीब 17 मिलियन टन संभावित भण्डार है। राजसमंद के देलवाड़ा तहसील के नेगडिया में 2.16 मिलियन टन भण्डार होने का अनुमान है।

कालाखूंटा ब्लॉक में 6.552 मिलियन टन मैगनीज भण्डार होने का अनुमान

एसीएस डॉ.सुबोध अग्रवाल ने बताया कि 6.30 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल के कालाखूंटा मैगनीज ब्लॉक में 6.552 मिलियन टन मैगनीज भण्डार होने का आरंभिक अनुमान है। विभाग द्वारा 5 प्रतिशत प्रीमियम पर भारत सरकार के ई-पोर्टल के माध्यम से ई-नीलामी के रखा गया। इसमें इनिशियल प्राइस ऑफर 7.11 प्रतिशत आई और उसके बाद अंतिम बोली 12.11 प्रतिशत प्रीमियम आई है। ई-नीलामी में तीन निविदादाताओं ने हिस्सा लिया।

विभाग द्वारा कालाखूंटा सहित मैगनीज के चार ब्लॉक नीलामी के लिए तैयार किए गए हैं। इनमें से तीन ब्लॉक कंपोजिट लाइसेंस व एक ब्लॉक खनन पट्टे के लिए नीलामी के लिए तैयार किया गया है। खान निदेशक माइंस केबी पण्ड्या ने बताया कि दुनिया के देशों में मैगनीज का सर्वाधिक उत्पादन चीन मेें होता है। हमारे देश में उडीसा, मध्यप्रदेश, कर्नाटका और महाराष्ट्र के बाद अब राजस्थान भी मैगनीज का खोज व खनन करने वाले प्रदेशों में शामिल हो गया है।

बहुत ही उपयोगी है मैगनीज धातु

एसीएस डॉ. अग्रवाल ने बताया कि मैगनीज बहुत ही उपयोगी धातु है। इसका उपयोग मिश्रधातु के रुप में किया जाता है। स्टील को फौलाद बनाने के लिए स्टील मेें करीब एक प्रतिशत मैगनीज मिलाया जाता है। मैगनीज स्टील में करीब 13 प्रतिशत मैगनीज होता है। इस स्टील का उपयोग राइफल बैरल,रेलवे की पटरी आदि मजबूत बनाने के लिए किया जाता है। इसी तरह से एलुमिनियम में मिलाकर ड्रिंक कैन, उर्वरकों, कांच में उपयोग, बैटरी, पेंट यहां तक की दवा उद्योग आदि में भी मैगनीज उपयोग खनिज है। एक मोटे अनुमान के अनुसार दुनिया में कुल उत्पादित मैगनीज में से 90 प्रतिशत उपयोग स्टील में किया जाता है।

Exit mobile version