उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। गिर्वा पंचायत समिति क्षेत्र में अलसीगढ़ क्षेत्र में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय आड़ को उच्च प्राथमिक में क्रमोन्नत नहीं करने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को स्कूल पर ताला जड़ दिया।
ग्रामीणोंं ने बताया कि ग्राम पंचायत पोपल्टी में स्थित आड़ गांव में पांचवी तक ही सरकारी स्कूल है। इस कारण स्थानीय बच्चों को पांचवी पास करने के बाद आगे की पढ़ाई करने पांच किलोमीटर दूर के गांव जाना पड़ता है। दूरी अधिक होने से कई बच्चे बीच में ही पढ़ाई छोडऩे मजबूर हो रहे है। ऐसे में राजकीय प्राथमिक विद्यालय आड़ को पांचवी से आठवीं तक क्रमोन्नत करने की लंबे समय से मांग की जा रही है। इसके बावजूद न तो सरकार उस पर ध्यान दे रही न जिला प्रशासन। इससे नाराज होकर मंगलवार को स्कूल की मैन फाटक पर ही ताला जडक़र विरोध प्रदर्शन किया।
जनजाति शिक्षा को कैसे मिलेगा बढ़ावा
ग्रामीणों ने बताया कि आड़ गांव के बच्चों को पांचवीं बाद दूर के गांव में पढऩे जाता है। सभी अभिभावकों के पास संसाधन नहीं होनेे से बच्चों को समय पर दूसरे गांव में पढ़ाई करने भेजना भी संभव नहीं है। बारिश में कई बार पानी के कारण रास्ते कट जातेे है ऐसे में मानसून के दिनों में आने जाने की समस्या भी बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने आक्रोश जताया कि एक तरफ राज्य सरकार और प्रशासन जनजाति क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दे रहे है दूसरी तरफ आदिवासी क्षेत्र की ही वाजिब मांग की अनदेखी की जा रही है।

