रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया लोकार्पण
तीन नई रेल सेवाओं का शुभारम्भ भी किया
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज़)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को मावली – बड़ी सादड़ी आमान परिवर्तित रेल लाईन का लोकार्पण करने के साथ ही तीन नई रेल सेवाओं का शुभारम्भ भी किया।
समारोह के दौरान रेल मंत्री ने बड़ी सादड़ी रेलवे स्टेशन पर बड़ी सादड़ी-मावली रेलखण्ड के आमान परिवर्तन का लोकार्पण किया। इस ब्रॉडगेज रेल लाइन पर प्रथम रेलसेवा बड़ी सादड़ी से उदयपुर सिटी उद्घाटन स्पेशल और वीडियो लिंक के माध्यम से रीवा से उदयपुर सिटी स्पेशल व पश्चिम बंगाल के सिउड़ी-सियालदह-सिउड़ी मेमू ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
वर्ड क्लास का बनेगा चितौड़ रेलवे स्टेशन
रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे स्टेशनों को आगामी 50 वर्षों की योजना के साथ बनाया जा रहा है। उदयपुर सिटी रेलवे को वर्ल्ड क्लास बनाने का कार्य अब केवल चर्चा में नहीं है बल्कि इसके टेण्डर जारी हो गये है तथा अगस्त माह में यह टेण्डर फाइनल कर कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा। रेल मंत्री ने चित्तौडगढ़ रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने की घोषणा की।
जनप्रतिनिधियों की मांग पर तुरन्त घोषणा
रेलमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की बडीसादडी-उदयपुर रेलसेवा के दिन में 2 फेरों की मांग पर तुरंत कार्यवाही करते हुये इसके 15 अगस्त से प्रतिदिन 2 फेरे करने की घोषणा की। समारोह में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे के अधिकारी भी मौजूद थे।
सांसद जोशी ने रेल सेवाओं की तरफ ध्यान दिलाया
चितौड़ सांसद सीपी जोशी ने रेलमंत्री का बडी सादडी आकर रेलसेवा का शुभारम्भ करने के लिये पर धन्यवाद दिया और कहा कि बड़ी सादडी-नीमच रेल लाइन जो 3 वर्ष के संघर्ष के बाद मिली है, अगर उसका कार्य 2023 तक पूरा हो जाये तो यह क्षेत्र सीधा मुम्बई से जुड जायेगा।
ashवर्तमान में रेलवे पर नई लाइन, दोहरीकरण, ब्रॉडगेज और विद्युतीकरण का कार्य बहुत तेजी से हुआ है। अजमेर-उदयपुर मार्ग के दोहरीकरण कार्य होने से इस क्षेत्र में राजधानी और शताब्दी जैसी ट्रेनों के आने की संभावना होगी। जोशी ने बड़ीसादड़ी स्टेशन का नाम झाला मन्ना स्टेशन रखने की मांग की।
मावली- मारवाड़ मीटर गेज को ब्रॉडगेज में बदला जाय
सांसद जोशी ने मावली- मारवाड़ मीटर गेज को ब्रॉडगेज में बदलने की जरूरत और उसके लाभ भी बताएं। उन्होंने बताया की मावली से मारवाड़ के मध्य में 152 किमी की लाईन के लिये विगत वर्षो के बजट में इसकी सैद्धान्तिक स्वीकृतियां भी जारी की गयी हैं, इस लाईन से प्रारंभ होने से मारवाड़ का मेवाड़, वागड़ एवं मालवा से सीधा जुडाव हो जायेगा। इस मार्ग की व्यापारिक, सामरीक एवं पर्यटन की दृष्टि से काफी उपयोगिता है।

