दिन भर लगा रहा शहरी और ग्रामीण लोगों का रेला
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज़)। दो साल बाद लगे हरियाली अमावस मेले के पहले ही दिन गुरुवार को रंगत जमी नजर आयी। फतहसागर किनारे, सहेलियों की बाड़ी क्षेत्र में हर तरफ पुपाड़ी का शोर सुनाई दिया। मेले में ग्रामीणों के साथ ही शहरवासियों का भी पूरा उत्साह नजर आया। इसी उत्साह से हरियाली अमावस मेले की रंगत जम गई।
इस बार उत्साह इसलिये भी ज्यादा रहा, क्योंकि कोरोना काल के कारण दो साल तक यह पारंपरिक मेला नहीं लग पाया। शुक्रवार को महिलाओं का मेला लगेगा। इसमें पुरुषों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
स्टॉलों पर खरीददारों की रही भीड़
मेला स्थल पर लगी करीब 400 स्टालों पर भी दिन भर खरीददारी करने वालों की चहल पहल बनी रही। कोई घरेलू सामान खरीदने में व्यस्त दिखा, तो कोई सजावटी समान की खरीदारी करता नजर आया।
चटकारे के साथ भी लिया मेले का लुत्फ
मेला स्थल पर चाट, पकौड़ी,पानी-पतासा, मालपुए, जलेबी की स्टॉलों पर भी लोगो ने खूब चटकारे लगाएं। बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी के चलते आइसक्रीम, कुल्फी की खरीददारी भी खूब हुई।
झूले-चकरी में बैठने वालों की रही वेटिंग
सहेलियों की बाड़ी रोड और यूआईटी सर्किल के पास लगे झूले,चकरी की सैर करने वालों का उत्साह कुछ अलग ही था। भीड़ लगी रहने से यहां कई लोग वेटिंग लाइन में खड़े होकर अपना नम्बर आने का इंतजार करते भी नजर आएं।
शरीर पर नाम गुदवाने का ग्रामीणों में दिखा क्रेज
मेले में कई ग्रामीण लोग अपने हाथ पर अपना नाम, गांव का नाम गुदवाते नजर आये। इनमें ज्यादातर आदिवासी युवक युवतियां थीं। इस काम के लिए कई युवा तो अपना नम्बर आने तक इंतजार भी करते रहें।
शुक्रवार को महिलाओं का मेला
शुक्रवार को महिलाओं का मेला लगेगा। इसमें पुरुषों का प्रवेश वर्जित रहेगा। गुरुवार को कुछ छोटे बच्चे अपने परिजनों से बिछुड़ भी गए। जिनको मेला कार्यालय से बार बार माइक पर सूचना प्रसारित कर दोबारा परिजनों से मिलवाया। ऐसे में महिलाओं के मेले में आने वाले छोटे बच्चों की जेब में नाम,पता और परिजन के मोबाइल नम्बर की पर्ची रखने की अपील की जाती है।
धुणीमाता के मेले में भी दिखा उत्साह
डबोक क्षेत्र में स्थित धुणीमाता मंदिर में भी हरियाली अमावस का मेला लगा। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रो के साथ ही बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भी मेले का लुत्फ उठाया। मेला स्थल पर लगे झूले चकरी की सेर करने के साथ ही लोगो ने दिन भर अपनी अपनी पसन्द की खरीददारी करते हुए मेले का लुफ्त उठाया।

