Site iconSite icon AR Live News

चित्तौड़ के बस्सी में 33 घंटे में 10 इंच बारिश,जनजीवन पर असर

24 घंटे में भीलवाड़ा और जोधपुर भी तरबतर,सडक़े दरिया और चौराहे बने टापू

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मेवाड़ सहित प्रदेश में कई जगह मंगलवार को भी तेज बारिश का दौर बना रहा। चित्तौड़ जिले के बस्सी क्षेत्र में 33 घंटे में कुल 249 मिलीमीटर यानी 10 इंच बारिश हुई। बस्सी में सुबह आठ बजे तक 198 मिलीमीटर और मंगलवार को शाम साढ़े पांच बजे तक 51 मिलीमीटर बारिश और हो जाने से होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे तक प्रतापगढ़ में 80 जबकि मदार 34 मिमी बारिश हुई। इधर भीलवाड़ा के मांडल में 72, चित्तौड़ के बेगूं में 43, जालोर के भीनमाल में 120, रानीवाड़ा 83, जसवंतपूरा 81, जोधपुर के बालेश्वर में 154, कोटा के सुल्तानपुर में 100,नागौर के मेड़ता सिटी में 148 और सिरोही में 72 मिमी बारिश हुई। बीते 24 घंटों में भीलवाड़ा, जोधपुर सहित 14 जिलों में कहीं कहीं भारी से अति भारी बारिश होने से आमजन प्रभावित रहा। पूर्वी राजस्थान में भीलवाड़ा शहर में सबसे अधिक 205 मिलीमीटर यानी 8 इंच और पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर 190 मिलीमीटर यानी करीब पौने आठ इंच बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में भीलवाड़ा, चित्तौड़, जोधपुर,राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, जयपुर, अजमेर, सवाई माधोपुर, कोटा, सिरोही, पाली, नागौर व जालोर जिलों में कहीं कहीं भारी से अति भारी बारिश हुई।

सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में यहां हुई जोरदार बारिश

मंगलवार सुबह आठ बजे तक 24 घण्टे में उदयपुर संभाग में चित्तौड़ के बस्सी में 198, चित्तौड़ 179, भूपालसागर 105, गम्भीरी 124, गंगरार 129, बेंगू 108, रावतभाटा 147, भेसरोडगढ़ 130, कपासन 111, औराई 167, राजसमंद 85, रेलमगरा 61, नाथद्वारा 58, झाड़ोल 55,गोगुन्दा 48 मिमी, डूंगरपुर के चिकली में 84, गलियाकोट 62, जबकि भीलवाड़ा 179, मेजा बांध 120,कोटड़ी 120, हमीरगढ़ में 90, जेतपुरा 80 मिलीमीटर बारिश हुई।

28-29 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में आ सकती कमी

मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई को उदयपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग में अधिकांश जगहों पर मध्यम बारिश व कहीं कहीं भारी बारिश की संभावना है। बाकी जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 28-29 जुलाई से राज्य के कुछ भागों में धीरे धीरे मानसून की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है।

सीसारमा एक फीट और मदार नहर में पौने चार फीट बहाव

मंगलवार को मदार में डेढ़ इंच बारिश हुई। मदार छोटा की चादर भी तेज होने से फतहसागर में आवक तेज हो गई है। मंगलवार सुबह मदार नहर में पानी का बहाव सवा दो फीट था जो कि शाम को बढक़र पौने चार फीट हो गया। फतहसागर का गेज 13 फीट के मुकाबले 9 फीट 8 इंच हो चुका है। पीछोला को भरने वाली सीसारमा नदी में एक फीट पानी का बहाव होने से पीछोला में धीमी गति से आवक बनी हुई है।

Exit mobile version