Site iconSite icon AR Live News

मदार छोटा तालाब भी छलका, फतहसागर साढ़े नौ फीट हुआ

udaipur madar chhota talab overflows udaipurudaipur madar chhota talab overflows udaipur

चित्तौड़ के भैसरोडगढ़ में चार इंच बारिश

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। कैचमेंट से धीरे धीरे पानी की आवक बनी रहने से सोमवार को मदार छोटा तालाब से भी पानी छलकना शुरू हो गया। इधर मेवाड़ में कई जगह सोमवार को तेज बारिश हुई। हालांकि शहर में दिन भर बारिश का इंतजार बना रहा।

21 फीट पूर्ण भराव स्तर वाले मदार छोटा तालाब की पाल से पानी गिरना शुरू होनेे से अब फतहसागर में आवक तेज होना तय है। हालांकि देर शाम तक मदार छोटा तालाब की पूरी पाल से वेग से चादर चलना तो शुरू नहीं हुई है, लेकिन मदार बड़ा तालाब के बाद सोमवार को मदार छोटा के भी छलकने से फतहसागर का झरना चलने की उम्मीदें बढ़ गई है।

फतहसागर का गेज 13 फीट के मुकाबले सोमवार शाम तक 9 फीट 6 इंच हो चुका है। फतहसागर में मदार नहर से आवक बनी हुई है और झील का जलस्तर बढऩे से दो साल बाद लग रहे हरियाली अमावस मेले की रंगत भी जमी नजर आएगी।

सीसारमा थमी, पीछोला के जलस्तर में बढ़ोतरी रूकी

सीसारमा नदी में पानी का बहाव लगभग थम गया है। इस कारण पीछोला में थोड़ी बहुत पानी की जो आवक हो रही थी वह भी थम गई है। इस कारण पीछोला का जलस्तर 5 फीट 10 इंच पर स्थिर हो गया है। पीछोला को भरने वाले देवास प्रथम, मादड़ी और आकोदड़ा बांध में भी अभी तक उम्मीद अनुरूप पानी नहीं आने से भी पीछोला में फिलहाल तेजी से आवक की संभावना कम नजर आ रही है। उदयसागर का गेज 24 फीट के मुकाबले 19 फीट 3 इंच पर पहुंच गया है।

उदयपुर मेंं दिन भर रहा इंतजार, चित्तौड़ में तेज बारिश

सोमवार को उदयपुर शहर में दिन भर बारिश का इंतजार रहा, हालांकि चित्तौड़ के भैसरोडगढ़ में सोमवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक चार इंच बारिश हुई। बेगूं में भी करीब चार इंच और प्रतापगढ़ में सवा इंच बारिश हुई। गंगरार में 66 मिलीमीटर, बस्सी 65, चित्तौड़ में 38 मिमी बारिश हुई।

Exit mobile version