परिवार कल्याण में उत्कृष्ट कार्य करने पर होगी पुरस्कृत
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। परिवार कल्याण को लेकर उत्कृष्ट कार्य करने पर उदयपुर जिले के सराडा ब्लॉक के उप स्वास्थ्य केंद्र बलवा पर कार्यरत एएनएम रक्षा जैन को 27 जुलाई को दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ दिनेश खराड़ी ने बताया कि एएनएम रक्षा जैन ने विषम परिस्थितियों के बावजूद उप स्वास्थ्य केंद्र पर न केवल प्रसव सेवाओं को बेहतर बनाया बल्कि प्रसव पश्चात सर्वाधिक पीपीआईयूसीडी लगा राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रक्षा जैन ने गर्भवती महिलाओ की काउंसलिंग कर उन्हें परिवार कल्याण का महत्व समझाते हुए पीपीआईयूसीडी लगवाने के लिए प्रेरित किया। इसी के चलते जैन को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
577 प्रसवो में से 417 को लगाई पीपीआईयूसीडी
अतिरिक्त सीएमएचओ(परिवार कल्याण)डॉ. रागिनी अग्रवाल ने बताया कि पहले बलवा एवं आसपास के क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता था, लेकिन एएनएम रक्षा जैन ने आने के बाद उप स्वास्थ्य केंद्र पर ही प्रसव सेवाओं को मजबूत करते हुए प्रसव कराना शुरू किया। वर्ष 2021.22 में एएनएम रक्षा जैन ने उप स्वास्थ्य केंद्र पर 577 प्रसव कराए जिनमें से 417 महिलाओं को पीपीआईयूसीडी लगाई।
वर्ष 2020-21 में 827 प्रसव करवाए गए, 576 महिलाओं को पीपीआईयूसीडी लगाई गई। वर्ष 2019 में 723 प्रसव करवाए और 409 महिलाओं को पीपीआईयूसीडी लगाई गई। इस वर्ष एएनएम अप्रैल से जून तक एएनएम 131 प्रसव करवा चुकी है, जिनमें से 92 महिलाओं को पीपीआईयूसीडी लगाई है।

