उफान पर आए नदी-नाले, कोटड़ा में साढ़े तीन बारिश
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मेवाड़ में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। उदयपुर संभाग केे बांसवाड़ा जिले के भूंगड़ा में 24 घंटे और बागीदौरा में 33 घंटे में 8-8 इंच (203 मिलीमीटर) बारिश हुई है। इससे नदी नाले उफान पर आने के साथ बांध, तालाबों में भी पानी की तेजी से आवक हुई है।
उदयपुर जिले के कोटड़ा में मंगलवार को साढ़े तीन इंच बारिश होने से यहां भी नदियों में बहाव और तेज हो गया है। मंगलवार को सुबह से ही उमस के बीच मानसून की सक्रियता बनी रही। उदयपुर शहर सहित कई जगह बारिश का दौर चला। उदयपुर शहर में 33 घंटे में तीन इंच पानी बरसा। सीसारमा से पीछोला में आवक शुरू हो चुकी है। फतहसागर का जलस्तर 13 फीट के मुकाबले 7 फीट 4 इंच हो गया है। मदार छोटा तालाब का गेज 21 फीट के मुकाबले 19 फीट हो गया है। इस पर भी चादर चलते ही फतहसागर में आवक और तेज होगी। लखावली तालाब का जलस्तर 21 फीट के मुकाबले 19 फीट हो गया है।
मंगलवार को इन क्षेत्रों में हुई तेज बारिश
मंगलवार सुबह 8 बजे से शाम 5.30 बजे तक उदयपुर शहर में डेढ़ इंच, कोटड़ा में साढ़े तीन इंच, मावली में दो इंच, नया गांव में ढ़ाई इंच बारिश हुई। ऋषभदेव और झाड़ोल में करीब एक एक इंच बारिश हुई है। बांसवाड़ा के अरथूना, शेरगढ़ में दो-दो इंच, डूंगरपुर के धंबोला में साढ़े तीन इंच, चिकली ढ़ाई इंच, राजसमंद के देवगढ़ में दो इंच बारिश हुई है।
कैलेश्वर झरना हुआ तेज
उबेश्वर जी और रायता क्षेत्र में रूक रूक कर बारिश का दौर बना रहने से उबेश्वर जी-देवास रोड स्थित कैलेश्वर का झरना तेज हो गया है। पहाड़ी से गिरते झरने से नजारा आकर्षक दिखने लगा है। यहां सावन मास में भोलेनाथ के दर्शन करने दिन भर शिव भक्तों का आना जाना लगा हुआ है।
मेवाड़ में सुबह आठ बजे तक यहां हुई तेज बारिश
मेवाड़ में मंगलवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में बांसवाड़ा के भूंगड़ा में सबसे ज्यादा 203 मिलीमीटर, बागीदौरा 177, केशरपुरा 152, सज्जनगढ़ 120,बांसवाड़ा 118,गढ़ी 112,माही बांध 105 मिमी बारिश हुई। उदयपुर शहर में 37 मिलीमीटर, उदयसागर 50, वल्लभनगर 25,मदार 42, मावली 60, चित्तौड़ के निम्बाहेड़ा में 153,भदेसर 113, गंभीरी बांध 101, नाथद्वारा 65, डूंगरपुर के गलियाकोट 75, प्र्रतापगढ़ के पीपलखूट 58 मिमी बारिश हुई।

