श्रीगंगानगर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान के श्रीगंगानगर में इंटरनेशनल बॉर्डर पर घुसपैठिया पकड़ा गया है। राजस्थान के रास्ते देश में घुसने की कोशिश कर रहे इस पाकिस्तानी नागरिक के पास कुछ संदिग्ध वस्तुएं भी मिली हैं।
बताया जा रहा है कि यह भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की हत्या के इरादे से आया था, हालां कि स्थानीय पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है और न ही घुसपैठियों से हुई पूछताछ के तथ्यों से संबंधित कोई अधिकृत बयान जारी किया है। देश की खूफिया एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे श्रीगंगानगर जिले से लगे हिंदूमलकोट बॉर्डर फेंसिंग पर संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा था। पेट्रोलिंग टीम को शक हुआ तो उससे पूछताछ की। वह सही से जवाब नहीं दे सका। तलाशी लेने पर उसके पास से दो चाकू, धार्मिक किताबें, मैप, कपड़े और खाने का सामान भी मिला। पूछताछ में घुसपैठिए ने बताया कि वह उत्तरी पाकिस्तान के मंडी बहाउद्दीन शहर का रहने वाला है और नाम रिजवान अशरफ है।

