Site iconSite icon AR Live News

मदार नहर से आवक जारी, पौने सात फीट हुआ फतहसागर

udaipur fatehsagar lake water level increasing -1udaipur fatehsagar lake water level increasing -1

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। कैचमेंट से हो रही आवक से मदार बड़ा तालाब पर चादर चलने का क्रम बना हुआ है। इससे मदार नहर होते हुए फतहसागर में पानी की आवक जारी रहने से इसका गेज 6 फीट से बढक़र करीब पौने सात फीट हो गया है।

शहर में सावन के पहले सोमवार को रिमझिम बारिश का दौर चला। हालांकि लोगों को तेज बारिश की उम्मीद थी उस अनुरूप अभी बादल बरस नहीं रहे है। बीती रात राजसमंद में 22 मिलीमीटर बारिश हुई। उदयपुर संभाग में इस मानसून में अब तक उदयपुर के जयसमंद क्षेत्र में सबसे ज्यादा 637 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इधर टीडी डेम पर चादर चलने का क्रम बना हुआ है। यह रविवार सुबह ओवरफ्लो हुआ था।

फतहसागर के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी, पीछोला का गेज है स्थिर

मदार नहर से आ रहे पानी से फतहसागर के जलस्तर में बढ़ोतरी बनी हुई। इससे धीरे धीरे इसके किनारे भी पानी से ढकने लगे है। इधर पीछोला के कैचमेंट में अभी तक तेज बारिश नहीं होने से इसका गेज 5 फीट 5 इंच पर स्थिर बना हुआ है। उदयसागर का जलस्तर 24 फीट के मुकाबले 18 फीट 2 इंच हो गया है। जबकि मादड़ी, देवास प्रथम और आकोदड़ा बांध अभी भी आधे से ज्यादा खाली पड़े है।

मदार नहर में गिरी गाय, सुरक्षित बाहर निकाल लिया

बडग़ांव क्षेत्र में सोमवार सुबह एक गाय मदार नहर में पानी के बीच फंस गई। बाहर निकलने का रास्ता नहीं होने से यह गाय पानी के बहाव से नहर में अटकी रही। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में सरपंच संजय शर्मा और पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास की सुचना पर सीविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Exit mobile version