कलेक्टर ने लगवाई प्रिकॉशन डॉज, स्वास्थ्य केंद्रों पर लगेगी यह निःशुल्क डोज
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान में 15 जुलाई आजादी के अमृत महोत्सव की शुरूआत के साथ ही 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए कोविड वैक्सीन की निशुल्क प्रिकॉशन डोज का अभियान शुरू हो गया हे। 15 जुलाई से आगामी 75 दिन तक सरकारी कोविड वैक्सिनेशन केंद्रों पर 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीके की तीसरी डोज यानी प्रिकॉशन डोज मुफ्त लगाई जाएगी।
पहले दिन कलेक्टर ताराचंद मीणा ने पीएचसी भूपालपुरा पर प्रिकॉशन डोज लगवाकर अभियान की शुरूआत की। सीएमएचओ डॉ दिनेश खराड़ी, आरसीएचओ डॉ अशोक आदित्य, डब्ल्यूएचओ से डॉ अक्षय व्यास, यूएनडीपी से मुदित माथुर सहित अस्पताल स्टाफ व काफी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगेगी यह निःशुल्क डोज
सीएमएचओ डॉ दिनेश खराड़ी ने बताया कि 15 जुलाई से शुरू हुआ यह विशेष अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। इन 75 दिनों में जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड वैक्सीन की निशुल्क प्रिकॉशन डोज लगाई जाएगी। इसके साथ ही शहरी क्षेत्र में भी सभी अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित आरएनटी मेडिकल कॉलेज में चल रहे वैक्सिनेशन सेंटर पर भी ये सुविधा उपलब्ध रहेगी। डॉ खराड़ी ने बताया कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे लाभार्थी जिनको वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाए 6 माह या 26 सप्ताह से अधिक समय हो गया है वो फ्री प्रिकॉशन डोज के लिए पात्र होंगे।

