“इंडिया विजन 2047” शीर्षक के 8 पन्नों के दस्तावेज से सामने आए नापाक इरादे
पटना,(एआर लाइव न्यूज)। बिहार पुलिस ने राज्य में आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये चरमपंथी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के सदस्य हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने “इंडिया विजन 2047” जब्त किया है, जिसमें देश में अशांति फैलाने सहित कई आपत्तिजनक तथ्यों का खुलासा हुआ है। खासबात है कि इस मॉड्यूल के जरिए बिहार में कुछ युवाओं को हथियार चलाने की ट्रेनिंग भी दी जा रही थी।
एएसपी मनीष कुमार ने बताया कि पटना के फुलवारी शरीफ इलाके से झारखंड के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी मोहम्मद जल्लाउद्दीन और पीएफआई व एसडीपीआई के सदस्य अतहर परवेज को गिरफ्तार किया गया है। अतहर परवेज पूर्व में स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया सिमी का सदस्य भी रह चुका है। आरोपियों से इंडिया विजन 2047 शीर्षक से 8 पेज का दस्तातेज बरामद हुआ है।
आरोपियों के पास ट्रेनिंग के लिए दूसरे राज्यों के लोग आ रहे थे
आरोपी परवेज का छोटा भाई 20 साल पहले बम धमाकों में जेल जा चुका है। उसने मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर खोला हुआ है, जिसमें वह स्थानीय युवाओं को मार्शल आर्ट के नाम पर तलवार, चाकू सहित अन्य हथियार चलाने की ट्रेनिंग दिलवा रहा था और युवाओं को धार्मिक हिंसा के लिए उकसा रहा था। पिछले दो महीनों से आरोपियों के पास ट्रेनिंग के लिए दूसरे राज्यों से भी लोग आ रहे थे।
ईडी करेगी परवेज के जुटाए चंदे की जांच
पुलिस ने जब परवेज के बैंक खाते खंगाले तो लाखों के ट्रांजेक्शन का पता चला है। ऐसे में ये धनराशि परवेज के खाते में कहां से और किस नाम से आयी है, इस बात की जांच होगी। प्रवर्तन निदेशालय ईडी सभी ट्रांजेक्शन की जांच करेगी।

