जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा रीट 2022 23 और 24 जुलाई को होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने में कोई असुविधा नहीं हो, इसे देखते हुए राजस्थान रोडवेज ने 21 से 26 जुलाई तक अभ्यर्थियों के लिए यात्रा निशुल्क कर दी है। अभ्यर्थी रीट 2022 का प्रवेश पत्र दिखाकर राजस्थान रोडवेज की बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार 23 और 24 जुलाई को होने वाली रीट 2022 परीक्षा के लिए प्रदेश में 1376 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। पुलिस और शिक्षा विभाग की टीमें इन परीक्षा केन्द्रों पर नजर रखेंगी, ताकि नकल रोकी जा सके।
परीक्षा में 15 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस पर परीक्षा केन्द्रों पर जिन कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी वे भी मोबाइल का उपयोग नहीं कर सकेंगे। सिर्फ केन्द्र अधीक्षक को की-पेड वाला मोबाईल रखने की अनुमति होगी। वहीं अभ्यर्थियों को भी किसी प्रकार की घड़ी, आभूषण पहने हुए होने पर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

