नई दिल्ली में केन्द्रीय गृहमंत्री शाह ने दिया राष्ट्रीय खनिज विकास पुरस्कार
उदयपुर (एआर लाइव न्यूज)। माइंस क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए मंगलवार को नई दिल्ली में राजस्थान को राष्ट्रीय खनिज विकास पुरस्कार दिया गया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान के खान मंत्री प्रमोद जैन भाया को यह पुरस्कार दिया। पुरस्कार वितरण समारोह में राजस्थान के माइंस, पेट्रोलियम एवं जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुबोध अग्रवाल व निदेशक माइंस केबी पण्ड्या भी मौजूद रहे।
नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में केन्द्रीय माइंस, कोल एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी व माइंस, कोल एवं रेल्वे राज्य मंत्री राव साहेब पाटिल दानवे की मौजूदगी में राजस्थान को प्रोत्साहन स्वरुप कुल तीन करोड़ अस्सी लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और ट्राफी दी गई।
टीम भावना से काम का परिणाम
खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने बताया कि यह पहला मौका है जब माइंस क्षेत्र में राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दिशा-निर्देश और माइंस विभाग की टीम भावना से कार्य करते हुए परस्पर समन्वय, प्रभावी मॉनिटरिंग और योजनावद्ध प्रयासों का परिणाम है।
सफल नीलामी के लिए भी मिला पुरस्कार
एसीएस डॉ.सुबोध अग्रवाल ने बताया कि समारोह में राजस्थान को अप्रधान खनिज के लिए राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र, एक ट्रॉफी एवं दो करोड़ का पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही वर्ष 2021-22 में प्रधान खनिज के सात ब्लॉक्स की सफल नीलामी पर वित्तीय प्रोत्साहन स्वरूप एक करोड़ साठ लाख तथा वर्ष 2022-23 में प्रधान खनिज के एक ब्लॉक की सफल नीलामी पर वित्तीय प्रोत्साहन स्वरूप बीस लाख रुपये प्रदान किये गए।

