उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। युवा टेलर कन्हैयालाल साहू की 28 जून को हुई निर्मम हत्या-आतंकी घटना की जांच कर रही एनआईए की टीम ने रविवार देर रात को उदयपुर से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि इनमें से दो लोगों ने मुख्य आरोपी गौस मोहम्मद को पाकिस्तान भेजा था।
एनआईए और राजस्थान एटीएस की टीम चारों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है, ताकि मामले की हर कड़ी को जोड़ा जा सके और मुख्य अभियुक्तों के संपर्क में और कौन-कौन तक उन सभी तक पहुंचा जा सके।
उदयपुर में इंटरनेट सेवा बहाल
उदयपुर में 5 दिन के बाद सोमवार को दोपहर 12 बजे के बाद इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गयी। प्रशासन ने कर्फ्यू में ढील बढ़ाकर 12 घंटे कर दी है। सोमवार को सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक कर्फ्यू में छूट दी गयी है। इससे पूरा मार्केट खुला और इंटरनेट चलने के बाद कार्यालयों के अटके रोजमर्रा के कार्यों ने भी गति पकड़ी है।
गौरतलब है कि 28 जून को मालदास स्ट्रीट में युवा टेलर कन्हैयालाल साहू की उसकी दुकान में ही निर्मम हत्या कर आतंकी घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी रियाज अख्तारी और गौस मोहम्मद को गिरफ्तार किया था। मुख्य अभियुक्तों के पाकिस्तान के कट्टरवादी संगठन से जुड़े होने का खुलासा हुआ था। इसके बाद मामले की जांच एनआईए कर रही है। मुख्य अभियुक्तों की मदद करने वाले अन्य आरोपियों को भी एनआईए गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं।

