Site iconSite icon AR Live News

युवक की निर्मम हत्या-आतंकी घटना के विरोध में हिंदू संगठनों ने निकाली मौन रैली: जगन्नाथ रथ यात्रा 1 जुलाई को निकलेगी

udaipur kanhaiyalal sahu brutal murder case terror incident hindu organisations rally -1udaipur kanhaiyalal sahu brutal murder case terror incident hindu organisations rally -1
मुख्यमंत्री ने कन्हैयालाल साहू के परिजनों को 50 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी
एनआईए की टीम ने सापेटिया स्थित फैक्ट्री में दी दबिश, मुख्य आरोपियों ने हत्या के बाद यहीं से बनाया था वीडियो

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर में टेलर कन्हैयालाल साहू की निर्मम हत्या और उसका लाइव वीडियो वायरल कर आतंकी घटना के विरोध में आज गुरूवार को सर्व हिंदू संगठन द्वारा विशाल मौन रैली निकाली गयी। सुबह 10 बजे 8 हजार से 10 हजार लोग टाउन हॉल पर एकत्रित हुए। यहां विभिन्न मठों के संतों ने इस रैली का प्रतिनिधित्व किया।

टाउन हॉल से बापूबाजार, देहलीगेट होते हुए मौन रैली कलेक्ट्री तक पहुंची। स्थिति यह हो गयी थी कि कलेक्ट्री से देहली गेट से बापू बाजार तक हजारों की संख्या में लोग एकत्रित थे। संतों ने रैली में शामिल सभी लोगों से अपील की कि वे शांति बनाएं रखें और शांति पूर्ण तरीके से उनके घर वापस जाएं और सभी 1 जुलाई को होने वाली जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल हों।

आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की

प्रतिनिधित्व करने वाले संतों और जनप्रतिनिधियों ने कलेक्ट्री के बाहर भाषण दिए और कहा कि इस घटना से हिंदू समाज में रोष व्याप्त है। प्रतिनिधिमंडल ने उच्च अधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और मामले की गहन जांच कर मामले से संबंधित प्रत्येक आरोपी को पकड़, फांसी की सजा दिलवाने की मांग की।

ज्ञापन देने वालों में उदयपुर संत समाज के अध्यक्ष हरिदासजी की मगरी स्थित चतुर्भुज हनुमान मंदिर के महंत इन्द्रदेव दास, बड़ीसादड़ी के सुदर्शनानंद महाराज, धोलीबावड़ी रामद्वारा के महंत दयाराम, फतह स्कूल हनुमान मंदिर के महंत अमर गिरी, महाकालेश्वर हनुमान मंदिर के प्रवीण दास, महंत राधिकाशरण, साहू समाज के प्रतिनिधि आदि शामिल थे।

मृतक के परिवार से मिले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरूवार सुबह उदयपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां मृतक कन्हैयालाल साहू के परिवार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को बतौर आर्थिक सहायता 50 लाख रूपए का चेक दिया।

सापेटिया स्थित फैक्ट्री में दी एनआईए ने दबिश, अब तक 5 गिरफ्तार

मामले की जांच कर रही नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी एनआईए की टीम ने गुरूवार सुबह उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र के सापेटिया स्थित एसके इंजीनियरिंग फैक्ट्री पर छापा मारा। मुख्य आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि टेलर कन्हैयालाल साहू की हत्या करने के बाद आरोपी इसी फैक्ट्री में आए थे। यहां ऑफिस आकर आरोपियों ने कपड़े बदले और यहीं से वीडियो बनाया था। एनआईए की टीम ने फैक्ट्री से भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एनआईए की टीम ने रियाज अख्तारी और गौस मोहम्मद सहित अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदू संगठनों की मौन रैली कलेक्ट्री पहुंची
Exit mobile version