जिले में तनाव की स्थिति को देखते हुए संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट ने 24 घंटे के लिए नेट बंद के आदेश जारी कर दिए हैं।
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के हाथीपोल क्षेत्र में मालदास स्ट्रीट में मंगलवार को सुप्रीम टेलर दुकान के संचालक कन्हैयालाल साहू की गर्दन पर चाकू से वार कर निर्मम हत्या कर दी गयी। हत्या के बाद क्षेत्र में साम्प्रदायिक तनाव के हालात हो गए हैं। हाथीपोल, धानमंडी, अश्वनी बाजार, घंटाघर क्षेत्र में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं।
आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलवाने की मांग कर आक्रोशित लोगों ने देर शाम तक शव मौके से नहीं उठाने दिया है।
आरोपियों ने हत्या का लाइव वीडियो के साथ एक आपत्तिजनक वीडियो भी वायरल किया है। सूचना पर आईजी हिंगलाज दान, कलेक्टर ताराचंद मीणा, एसपी मनोज कुमार, एडीएम सहित एडिएसपी, डीएसपी और शहर के सभी थानाधिकारी मय भारी जाब्ता मौके पर पहुंचे। कलेक्टर और एसपी ने अपील की है कि लोग शांति बनाए रखें, पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर की पोस्ट के बाद से टेलर निशाने पर था
जानकारी के अनुसार कन्हैयालाल साहू बीजेपी नेता नूपुर शर्मा के समर्थक थे। पिछले दिनों साहू के सोशल मीडिया अकाउंट से इसी को लेकर कुछ पोस्ट भी की थी। जिसके बाद से ही साहू कुछ असामाजिक तत्वों के निशाने पर थे। बताया जा रहा है कि साहू को जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं। कन्हैयालाल ने आज सोमवार को अपनी टेलर की दुकान खोली थी। इसी बीच दोपहर में कन्हैयालाल की दुकान पर दो लोग कपड़े सिलवाने के बहाने आए। कन्हैयालाल एक युवक का नाप ले रहा था, तभी दूसरे ने उसकी गर्दन पर वार कर दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।

