उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। आमजन के लिए अच्छी खबर है कि बंगाल की खाड़ी से हवाओं की दिशा बदलने से मानसून के राजस्थान में प्रवेश करने परिस्थितियां अनुकूल बन गई है।
मौसम विभाग द्वारा रविवार को जारी ताजा अपडेट अनुसार आगामी दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं प्रभावी होने से मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में आगामी 3-4 दिनों में मानसून के प्रवेश करने की प्रबल संभावना है।
28-29-30 जून को मेवाड़ में भी कुछ जगह भारी बारिश हो सकती
28 जून से पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा, भरतपुर के साथ ही जयपुर व अजमेर संभाग के जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 28-29-30 जून के दौरान दक्षिण पूर्वी भागों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी होने की संभावना है। इसमें मेवाड़ के जिले भी शामिल है।
सावधान रहें : 27- 28 को कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती
मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही थंडरस्टॉर्म गतिविधियों (तेज हवाएं चल सकती) में भी बढ़ोतरी रहेगी। इस दौरान पूर्वी राजस्थान में 27-28 जून से कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने के साथ ही भारी बारिश होने की भी संभावना बनी रहेगी। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में भी 29 जून से कहीं-कहीं बारिश की गतिविधियां शुरू होने की सम्भावना है।
बारिश नहीं होने से 40 डिग्री पर आ गया दिन का तापमान
मानसून के समय पर नहीं आने और प्री-मानसून में भी उम्मीद अनुरूप बारिश नहीं होने से गर्मी का असर भी बना हुआ है। उदयपुर में दिन का तापमान फिर से 40 डिग्री पर आने के साथ ही उमस तेज होने से आमजन इससे प्रभावित नजर आ रहा हैं, लेकिन अब हवाओं का रुख बदलने और मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकुल बनने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद हैं।

