उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में 20 सालों से रह रहे 9 लोगों को आज शनिवार को भारतीय नागरिकता मिल गयी। कलेक्टर ताराचंद मीणा ने आज सिंधी समाज के लीलावंती, मानसी, अंजलि, लक्खोमल, संजीत मनचंदा सहित 9 लोगों को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे।
इस दौरान अधिकतर के आंखे छलक उठी, उन्होंने कहा हम 20 सालों से यहां रह रहे थे। सभी दस्तावेज पूरे थे, लेकिन फिर भी भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के लिए विभागों में भटक रहे थे। अब हम कह सकेंगे कि हम भारतीय नागरिक हैं।
राजस्थान सिंधी अकादमी के पूर्व अध्यक्ष हरीश राजानी ने बताया कि सिंधी समाज के ये नौ सदस्य पिछले 20 सालों से उदयपुर में रह रहे थे, लेकिन नागरिकता नहीं मिल पाने के कारण विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित होने एवं कई स्थानों पर विभिन्न प्रकार की परेशानी होने से निरंतर चिंतित थे। लेकिन सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए इन्हें नागरिकता प्रदान की। अब ये व्यक्ति भी मुख्य धारा का हिस्सा बनकर अपना जीवन भारत की सरजमीन पर जी सकेंगे एवं सरकार द्वारा दिए जाने वाले विभिन्न प्रकार के लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर कलेक्टर ताराचंद मीणा, एसपी मनोज चौधरी, एडीएम प्रभा गौतम ने सभी को भारतीय नागरिक बनने पर शुभकामनाएं दी। इस दौरान राजस्थान सिंधी अकादमी के पूर्व अध्यक्ष हरीश राजानी भी मौजूद रहे।

