उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के वल्लभनगर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक प्रीति शक्तावत कोरोना संक्रमित हो गयी है। पिछले दिनों मामूली स्वास्थ्य खराब होने के चलते उन्होंने कोरोना टेस्ट करवाया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। इसके बाद प्रीति शक्तावत ने खुद को आईसोलेट कर लिया है और खुद के संपर्क में आए लोगों से कोरोना टेस्ट करवाने के लिए कहा है। प्रीति शक्तावत ने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है।
हालां कि 5 दिन पहले 10 जून को हुए राज्यसभा चुनाव के चलते विधायक प्रीति शक्तावत उदयपुर में चल रही कांग्रेस की बाड़ेबंदी में थीं और फिर मतदान करने जयपुर भी गई थीं।
प्रीति शक्तावत ने खुद फेसबुक पेज पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। प्रीति ने फेसबुक पोस्ट पर बताया है कि गत 4-5 दिनों से अस्वस्थ होने के कारण मेरी कोविड जांच कराई थी, जिसकी आज कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसलिए पिछले 4-5 दिनों में मेरे संपर्क में आए सभी जनों से निवेदन है की अपना कोविड टेस्ट अवश्य करवा लें।
उदयपुर में कोरोना एक्टिव केस की संख्या 19 हुई
उदयपुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है। पिछले 5 दिन से लगातार हर दिन 3 से 4 नए संक्रमितों की पुष्टि हो रही है। इससे उदयपुर में कोरोना एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 19 हो गयी है। हालां कि राहत की बात यह है कि किसी भी संक्रमित को हॉस्पिटल में भर्ती करवाने की नौबत नहीं आयी है। सभी की हालत स्थिर है और सभी होम आईसोलेशन में रहकर उपचार ले रहे हैं।

