उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र के सेंट्रल एरिया निवासी कांग्रेस देहात जिला उपाध्यक्ष और जिला परिषद सदस्य कामिनी गुर्जर के बेटे प्रथम गुर्जर ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। 21 वर्षीय प्रथम कॉमर्स कॉलेज में सैकंड ईयर का छात्र था, लेकिन उसे मोबाइल गेम खेलने की लत लगी हुई थी।
सुबह प्रथम के पिता किशनलाल जब गार्डन में पौधों को पानी दे रहे थे, तभी प्रथम के कमरे की खिड़की पर नजर पड़ी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी। प्रथम फंदे से लटका हुआ था। किशनलाल ने पड़ोसी की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा और प्रथम को फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं।
मोबाइल गेम का पता कर खुदकुशी के कारणों की जांच करेंगे
हिरणमगरी एसआई लक्ष्मण सिंह ने बताया कि प्रथम (21) पुत्र किशनलाल गुर्जर ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। परिजनों ने रिपोर्ट में बताया है कि वह कॉमर्स सैकंड ईयर का छात्र था, पढ़ाई का उस पर कोई ज्यादा दबाव नहीं था। लेकिन वह मोबाइल गेम खेलने का आदि था। इसी के चलते वह देर रात तक जागता रहता था। बीती रात भी वह पढ़ाई और मोबाइल गेम के चलते काफी देर से सोया था।
सुबह जब पिता किशनलाल गुर्जर गार्डन में पानी दे रहे थे तो खिड़की से प्रथम के कमरे में देखा, तो वह फांसी के फंदे से लटका हुआ था। आशंका है कि मोबाइल गेम की लत के चलते युवक तनाव में था। हालां कि युवक के मोबाइल के जरिए जांच की जाएगी कि वह कौन से गेम खेलता था.. और ऐसा क्या हुआ कि उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। खुदकुशी के कारणों की जांच की जाएगी।
परिवार का इकलौता बेटा था
परिजनों ने बताया कि कामिनी गुर्जर उदयपुर में कांग्रेस देहात जिला उपाध्यक्ष और जिला परिषद सदस्य हैं। इसके अलावा में गुर्जर समाज में भी काफी एक्टिव हैं। कामिनी और किशनलाल गुर्जर का प्रथम इकलौता बेटा था। प्रथम से छोटी एक बेटी है।

