वड़ोदरा,(एआर लाइव न्यूज)। गुजरात के वड़ोदरा में क्षमा बिंदु ने आखिरकार खुद से शादी कर ही ली। आत्म-विवाह #sologamy में कोई विघ्न न पड़े, इसलिए उन्होंने नियत तारीख 11 जून से तीन दिन पहले 8 जून को सभी रस्मों के साथ खुद से शादी की।
विवादों के चलते पंडित ने आने से मना कर दिया तो क्षमा ने मोबाइल पर ही मंत्रोच्चार चलाए और उनके अनुसार सभी रस्मों के साथ आत्म-विवाह किया। देश में संभवतः आत्म-विवाह #SologamyMarriage का यह पहला मामला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार क्षमा की शादी में उसके कुछ खास दोस्त ही शामिल हुए।
सभी रस्मों की अदायगी के साथ हुई शादी
क्षमा ने आत्म-विवाह में हल्दी, मेहंदी सहित सभी रस्में कीं। शादी के दौरान खुद को ही मंगलसूत्र पहनाया और मंत्रोच्चार के दौरान जब मांग भरनी थी, तो आईना देखकर खुद ही सिंदूर से खुद की मांग भरी और अग्नि को साक्षी मानकर अकेले फेरे लिए व खुद के लिए कुछ वचन भी लिए। अब खुद के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताने क्षमा हनीमून के लिए गोवा जा रही हैं।
24 वर्षीय क्षमा बिंदु ने कहा हम शादी उसी से करते हैं, जिससे प्यार करते हों, तो मैं खुद से प्यार करती हूं, इसलिए खुद से ही शादी कर ली।
गौरतलब है कि पिछले दिनों क्षमा ने जब आत्मविवाह की घोषणा की थी तो कुछ संगठनों ने इसका विरोध किया था और आत्मविवाह नहीं करने देने और क्षमा को अकेले फेरे नहीं लेने देने का एलान किया था। क्षमा उनके आत्मविवाह में किसी प्रकार का विवाद नहीं चाहती थीं, तो उन्होंने शादी नियत तारीख 11 जून से 3 दिन पहले 8 जून को ही कर ली।

