नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का 24 जुलाई को कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, इसी के चलते भारत निर्वाचन आयोग ने गुरूवार को राष्ट्रपति चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी। 18 जुलाई को देश के 16वें राष्ट्रपति के लिए मतदान होगा और 21 जुलाई को परिणाम जारी होंगे।
निर्वाचन आयोग से जारी शिड्यूल के अनुसार देश में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 15 जून को अधिसूचना जारी होगी। 29 जून को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तिथि होगी। इसके बाद 18 जुलाई को देश के विधायक और सांसद राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के लिए मतदान करेंगे।
21 जुलाई को मतगणना होगी और इसके बाद नए राष्ट्रपति के नाम की घोषणा होगी। देश में कुल 776 सांसद और 4033 विधायक हैं, जो राष्ट्रपति चुनाव के लए मतदान करेंगे। मतदान पूरी तरह गोपनीय होता है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाएगा।
चुनाव आयोग के दिए पेन से ही करना होता है मतदान
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने के लिए चुनाव आयोग की ओर से दिए गए पेन का ही उपयोग करना होता है। अगर कोई विधायक या सांसद मतदान के लिए किसी दूसरे पेन का इस्तेमाल करता है तो उसका वोट अमान्य हो जाता है।

