Site iconSite icon AR Live News

सवीना कृषि मंडी में दुकान की छत गिरी, 3 की मौत: पड़ोस की दुकान में चल रही खुदाई से हुआ हादसा

udaipur savina krishi mandi shop collapsed three man diedudaipur savina krishi mandi shop collapsed three man died

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। हिरणमगरी थाना क्षेत्र स्थित सवीना कृषि मंडी में दुकान नंबर 10 विनायक ट्रेडिंग की छत बुधवार दोपहर अचानक गिर गयी। हादसे में दबने से दो ग्राहकों और एक मजदूर सहित 3 लोगों की मौत हुई है, वहीं 3 लोग गंभीर घायल हैं।

बताया जा रहा है कि दुकान नंबर 10 के पास दुकान नंबर 11 में निर्माण कार्य चल रहा था और गहरी नींव खोदी जा रही थी, इसी के चलते दुकान नंबर 10 की दीवार पर दबाव बढ़ा और उसकी छत गिर गयी। एडीएम प्रशासन ओपी बुनकर ने बताया कि सवीना कृषि मंडी स्थित दुकान की छत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गयी है। बचाव कार्य जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जाएगी, अगर किसी की लापरवाही पायी जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

सूचना पर कलेक्टर ताराचंद मीणा, एडीएम ओपी बुनकर, एसपी मनोज कुमार, नगर निगम डिप्टी मेयर पारस सिंघवी सहित आला अधिकारी और पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। खबर लिखने तक मौके पर मलबा हटाकर बचाव कार्य जारी था। मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।

मौके पर बचाव कार्य जारी,

जानकारी के अनुसार विनायक ट्रेडर्स के मालिक विनय जैन ने दुकान नंबर 10 किराए पर ली हुई थी और दुकान नंबर 11 के ये मालिक हैं। दुकान नंबर 11 में पिछले कुछ दिनों से निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी गहरी नींव खोदी जा रही हैं। दुकान नंबर 10 में बुधवार दोपहर खरीद को लेकर ग्राहक आए हुए थे। इसी दौरान अचानक से दुकान की छत भरभरा कर गिर गयी। इससे वहां मौजूद छह से सात लोग दब गए।

बताया जा रहा है कि 3 लोगों की मौत हो गयी है, जबकि 3 लोगों को रेस्क्यू कर निकाल लिया गया है और वे हॉस्पिटल में भर्ती हैं। अन्य किसी के दबे होने की आशंका पर प्रशासन की ओर से मौके पर बचाव कार्य जारी है। जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है।

मंडी में धड़ल्ले से अवैध निर्माण चल रहा

कृषि मंडी के कुछ व्यापारियों ने बताया कि मंडी में धड़ल्ले से अवैध निर्माण चल रहा है। कहीं कोई परमीशन नहीं ली जा रही और व्यापारी चार-चार मंजिला तक की बिल्डिंगें खड़ी कर रहे हैं। पूरी कृषिमंडी में कई जगह अवैध निर्माण हो चुके हैं।

Exit mobile version