उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। प्री-मानसून को लेकर मौसम विभाग ने राजस्थान के लिए बुधवार शाम नया अपडेट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 10,11,12 जून के दौरान उदयपुर व कोटा संभाग के जिलों में प्री-मानसून गतिविधियां होने की संभावना है। इस दौरान उदयपुर व कोटा संभाग के जिलों
में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। जबकि राज्य के शेष सभी संभागों में आगामी दिनों में मौसम मुख्यत: शुष्क बना रहेगा। पिछले दिनों मौसम विभाग ने 14 जून बाद राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियां जारी होने का पूर्वानुमान जारी किया था, लेकिन अब नया अपडेट जारी हुआ है उस हिसाब से लोगों को जल्द गर्मी से राहत मिल सकेगी।
तापमान में होगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों बाद तापमान में हल्की गिरावट होगी। हालांकि उमस का दौर अभी जारी रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर संभाग के जिलों में अपेक्षाकृत तेज हवाएं चलने की संभावना है। उदयपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री और न्यूनतम 29.6 डिग्री रहा। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री था।

