उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राज्यसभा चुनाव के चलते कांग्रेस की बाड़ेबंदी में उदयपुर के ताज अरावली होटल में ठहरे निर्दलीय विधायक ओम प्रकाश हुड़ला की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई। हुड़ला को तत्काल उदयपुर के एमबी अस्पताल लाया गया। हुड़ला महवा विधानसभा सीट से विधायक हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह हुड़ला को अचानक घबराहट महसूस होने लगी। पहले उन्हें होटल में ही प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर वहां से एमबी हॉस्पिटल के कार्डियक डिपार्टमेंट ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनके कुछ टेस्ट करवाए हैं। हालां कि अभी उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि राज्य सभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने 90 विधायकों की बाड़ाबंदी की हुई है। इन सभी 90 विधायकों को उदयपुर के ताज अरावली होटल में ठहराया हुआ है। 90 विधायकों में कांग्रेस सहित निर्दलीय और बसपा विधायक भी हैं।

