उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जिला परिषद में शुक्रवार को जिला प्रमुख ममता कुंवर की अध्यक्षता में साधारण सभा की बैठक हुई। बैठक में ग्राम्य विकास के विविध विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए दिशा निर्देश प्रदान किए गए।
साधारण सभा की बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति से सदन को अवगत कराया। बैठक के दौरान सदस्यों ने बारी-बारी जनहित में विभिन्न मुद्दों को लेकर सम्बंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली।
नदारद अधिकारियों पर होगी कार्यवाही
कलक्टर ताराचंद मीणा ने बैठक में कहा कि साधारण सभा की बैठक में अधिकारियों की उपस्थित आवश्यक है। जो अधिकारी बैठक में नहीं आए हैं, उस पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करें। बैठक में सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल, सड़क, शिक्षा, नरेगा एवं स्वास्थ्य सम्बन्धी मुद्दों और इनसे जुड़ी समस्याओं पर अधिकारियों से चर्चा की।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग, महिला अधिकारिता विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों से सदस्यों ने योजनाओं की प्रगति को लेकर चर्चा की।
इस दौरान उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, मावली विधायक धर्मनारायण जोशी, जिला कलक्टर ताराचंद मीणा, सीईओ मयंक मनीष, एडीएम ओपी बुनकर, एसीईओ विनय पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

