1026 वाहन-मशीनरी जब्त,131 एआईआर दर्ज
जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रदेश में 15 मई से शुरू हुए संयुक्त जांच अभियान में 1100 से अधिक कारवाई कर 10 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसुला गया है। जयपुर, झालावाड़ और बूंदी में सबसे ज्यादा जुर्माना वसुला गया है।
एसीएस माइंस डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि माइंस, रेवेन्यू, परिवहन, वन और पुलिस विभाग की संयुक्त कारवाई में प्रदेश में अब तक 131 एआईआर दर्ज की जा चुकी है। संयुक्त जांच अभियान में सर्वाधिक 56 एफआईआर भीलवाड़ा में दर्ज हुई है। बाड़मेर में 15, अलवर 13, धौलपुर में 10 व शेष अन्य स्थानों पर दर्ज हुई है।
सर्वाधिक 111 वाहन, मशीनरी जयपुर में जब्त
एसीएस माइंस अग्रवाल ने बताया कि संयुक्त जांच अभियान में जुुर्माना अदा नहीं करने वाले 1026 वाहन, मशीनरी थानों में जब्त है। सर्वाधिक 111 वाहन, मशीनरी जयपुर में जब्त है। भीलवाड़ा में 101, अजमेर 67, जोधपुर में 55, नागौर में 52 व शेष वाहन मशीनरी अन्य स्थानों पर जब्त है।
1588 टन खनिज मौके पर जब्त किया
निदेशक माइंस केबी पण्डया ने बताया कि जांच अभियान प्रगति पर है। जांच टीमों द्वारा करीब 1588 टन खनिज मौके पर जब्त किया गया है। जयपुर वृत के जयपुर, अलवर, टोंक, सीकर, झुन्झुनू और दौसा में करीब दो करोड़ रूपए का जुर्माना वसूला जा चुका है। अभियान प्रभारी अतिरिक्त निदेशक नरेन्द्र कोठ्यारी को बनाया गया है।

