Site iconSite icon AR Live News

दादा-दादी के बीच सो रहे मासूम को उठा ले गया पैंथर, मौत

5 year old kid killed by leopard attack in bhadesar chittorgarh5 year old kid killed by leopard attack in bhadesar chittorgarh

चित्तौड़गढ़,(एआर लाइव न्यूज)। चित्तौड़गढ़ के भदेसर नाहरगढ़ क्षेत्र में सोमवार रात दादा-दादी के साथ खेत में सो रहे 5 साल के बच्चे को पैंथर उठा कर ले गया। ग्रामीणों ने पैंथर का पीछा कर बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ा तो लिया, लेकिन घायल बच्चे की हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गयी।

घटना के बाद से ही ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी से परेशान होकर इन दिनों ज्यादातर परिवार खेत-आंगन में सो रहे हैं, जब से घटना हुई है परिवार में बड़े, बच्चे सभी दहशत में हैं, क्यों कि पैंथर तो आस-पास वनक्षेत्र में ही घूम रहा होगा।

बच्चे को मारने वाले पैंथर को पकड़ने का वनकर्मी कर रहे प्रयास

जानकारी के अनुसार नाहरगढ़ क्षेत्र के भेरुखेड़ा गांव में सोमवार रात 5 वर्षी कमलेश भील उसके दादा-दादी के साथ पलंग पर सो रहा था। परिवार के बाकि सदस्य भी बाहर खेत पर ही सो रहे थे। इस दौरान खेत में पैंथर आया और दादा-दादी के बीच में सो रहे बच्चे को उठाकर ले गया। बच्चे की आवाज सुनकर मां की आंख खुली, तो उसने देखा कि पैंथर बच्चे को उठा कर ले जा रहा है।

महिला के चिल्लाने से परिवार सहित आस-पास ग्रामीण इकट्ठे हो गए, सभी बच्चे को बचाने पैंथर के पीछे भागे। ग्रामीणों ने बच्चे को पैंथर के चंगुल से तो बचा लिया, लेकिन बच्चा गंभीर घायल हो गया। बच्चे को उपचार के लिए हॉस्पिटल भर्ती करवाया गया, जहां मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया।

वन अधिकारी ने बताया कि वनकर्मी लगातार पैंथर मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं। पैंथर को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिस बच्चे की पैंथर हमले से मौत हुई है, उसके परिवार को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया की जा रही है।

Exit mobile version