एआर लाइव न्यूज। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को गुजरात के कोस्टल टाउन ओखा स्थित तटीय पुलिसिंग की राष्ट्रीय अकादमी (NACP) का दौरा किया। विजिट के दौरान अमित शाह ने भरोसा जताते हुए बताया कि नेशनल एकेडमी ऑफ कोस्टल भविष्य में देश के विभिन्न तटीय राज्यों की मरीन पुलिस को गहन एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करेगी और तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा में अपना अहम योगदान देगी।
शाह ने तटीय पुलिस कर्मियों को आवश्यक एवं समुचित प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने देश की सीमाओं की पवित्रता को बनाए रखने के साथ-साथ सौंपी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को सदैव बड़े ही समर्पित भाव से निभाया है। विशेष अवसरों पर इस बल ने सदैव अपनी कार्यकुशलता को सिद्ध किया है।
इस दौरे में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला भी मौजूद रहे। इस अवसर पर बीएसएफ डीजी पंकज कुमार सिंह, आईजी ज्ञानेन्द्र सिंह मलिक और गुजरात फ्रंटियर, एनएसीपी के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
7 कोर्सों के जरिए तटीय पुलिसिंग की दी जा रही है ट्रेनिंग
बीएसएफ डीजी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अकादमी में मरीन पुलिस फाउंडेशन कोर्स का सफलतापूर्वक संचालन कि जा रहा है। अभी तक 7 कोर्सों के माध्यम से तटीय राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडू, आन्ध्रप्रदेश, उडीसा, पश्चिमी बंगाल, दमन एवं द्वीव, लक्ष्यद्वीप, अंडमान व निकोबार, पुद्दचेरी गुजरात कस्टम, बीएसएफ और सीआईएसएफ के कुल 427 पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।

