उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिले के गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर शुक्रवार देर रात मिनी बस और ट्रेलर के बीच हुए एक्सीडेंट में पिता-पुत्री की मौत हो गयी, वहीं हादसे में 15 लोग घायल हैं, जिसमें 7 की हालत गंभीर है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में मूल सिरोही हाल कन्नोल आंध्रप्रदेश निवासी भरत पुत्र देवीचंद और उसकी पुत्री अंकिता की मौत हुई है। भरत परिवार के करीब 15 सदस्यों के साथ मिनी बस में आंध्रप्रदेश से राजस्थान के माउंट आबू घूमने आए थे।
देर रात वे सभी माउंट आबू से उदयपुर आ रहे थे। पिंडवाड़ा हाईवे पर आकियावड़ सुरंग के पास ओवरटेक के दौरान उनकी मिनी बस खराब खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए और भरत और उनकी पुत्री अंकिता की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं बस में सवार 15 सवारियां गंभीर घायल हो गयीं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर बेकरिया थानाधिकारी मुकेश कुमार जाब्ता सहित मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जिसमें 7 की हालत गंभीर बनी हुई है।

