Site iconSite icon AR Live News

ईनामी वांछित बदमाश हथियारों के जखीरे के साथ धरा गया

wanted criminal arrested with illegal arms and emission in pratapgarh rajasthanwanted criminal arrested with illegal arms and emission in pratapgarh rajasthan

उदयपुर/प्रतापगढ़,(एआर लाइव न्यूज)। प्रतापगढ़ जिला पुलिस की स्पेशल टीम ने गुरूवार को हथियारों के जखीरा पकड़ा है, पुलिस ने हथियारों के जखीरे के साथ रेंज स्तरीय ईनामी बदमाश को भी गिरफ्तार किया है।

प्रतापगढ़ एसपी डॉक्टर अमृता दुहन ने बताया कि प्रतापगढ़ के चनियाखेड़ी निवासी अयूब खान पुत्र सलीम खान और बसाड़ निवासी मोहम्मद अल्ताफ अली पुत्र मोहम्मद अजगर अली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, 3 देशी कट्टा, 1 बाराबोर दो नाली और 1 बाराबोर एक नाली बंदूक, 1 बाराबोर 315 शॉट गन कुल 10 अवैध हथियार और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

बदमाश अयूब खान कुख्यात अपराधी और वांछित ईनामी बदमाश है। हत्या, हत्या का प्रयास, फिरौती, हथियारों की तस्करी, वाहन चोरी का रैकेट चलाने, लूट, धमकाने सहित अन्य गंभीर धाराओं में इसके खिलाफ 18 मुकदमें चल रहे हैं। अयूब खान वांछित है और इस पर 5000 रूपए का ईनाम घोषित है।

पुलिस पर किया फायर

मुखबीर की सूचना पर इंस्पेक्टर दिलीप सिंह झाला, डीएसटी प्रभारी नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगरोड़ा हनुमान चौराहे के पास नाकाबंदी की गयी। संदिग्ध कार आने पर उसे रोका। कार में बैठे अयूब ने पहले अपने नाम-पते गलत बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने अयूब को पहचान लिया।

इस दौरान अयूब ने कार से निकलकर भागने का प्रयास किया और अवैध पिस्टल से पुलिस पर फायर किया। कांस्टेबल रमेश ने अयूब का पीछा कर उसे दबोच लिया। वहीं टीम ने अन्य सदस्यों ने कार से भागने का प्रयास कर रहे दूसरे बदमाश अल्ताफ अली को पकड़ लिया। आरोपियों की और कार की तलाशी में हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। आरोपी ये हथियार बेचने के लिए लाए थे।

टीम : यह कार्रवई पुलिस निरीक्षक दिलीप सिंह झाला, डीएसटी टीम प्रभारी नरेन्द्र सिंह, हैड कांस्टेबल पंकज, नरेन्द्र और रमेश चन्द्र की टीम ने की है।

Exit mobile version