कलेक्टर ने यूआईटी अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अधिसूचना अनुसार आगामी 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लग जाएगा। इसको लेकर उदयपुर जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है।
कलेक्टर ताराचंद मीणा ने बुधवार को यूआईटी में अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलायी। जनचेतना कार्यक्रम के तहत मीणा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए यह बहुत बड़ा निर्णय हुआ है। हमें सिंगल यूज प्लास्टिक को उपयोग में नहीं लेने की ऑफिस और घर से शुरूआत करनी होगी। यूआईटी सचिव बालमुकुंद असावा, विशेषाधिकारी कृष्णपाल सिंह चौहान, डीटीपी ऋतु शर्मा, तकनीकी सलाहकार बीएल कोठारी और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राजेन्द्रसिंह राव सहित कई कार्मिक शपथ के दौरान मौजूद थे।
वन एवं पर्यावरण विभाग भी करेगा कार्यवाही
राजस्थान सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायू परिवहन विभाग के प्रमुख शासन सचिव शिखर अग्रवाल ने भी विभाग के सभी अधिकारियों को अधिसूचना की पालना करवाने के निर्देश जारी कर दिए है। इस मामले में समझाईश के साथ साथ आने वाले दिनों में प्रदेश में सख्ती भी की जा सकती है। 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक का न तो उत्पादन किया जा सकेगा न बिक्री और उपयोग हो सकेगा।
अधिकारियों को 30 जून तक देना होगा प्लास्टिक मुक्ति का घोषणा पत्र
कलेक्टर ताराचंद मीणा ने जिले के सभी सरकारी कार्यालयों को प्लास्टिक मुक्त कार्यालय घोषित करने और प्लास्टिक की प्रतिबंधित सामग्री के प्रयोग को प्रतिबंधित करते हुए 30 जून तक घोषणा पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।

