Site iconSite icon AR Live News

प्रदेश के सभी जिलों में बनेगी लव-कुश वाटिकाएं : 2-2 करोड़ होंगे खर्च

सीएम ने वन,पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को दिए निर्देश

जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले में लव-कुश वाटिका विकसित करने के निर्देश दिए। 

 गहलोत मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर वन विभाग की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाटिकाओं में वन एवं वन्यजीवों से संबंधित ऎसे मॉडल स्थापित करें, जिनसे बच्चों को पर्यावरण व वन्यजीव संरक्षण की शिक्षा मिल सकें।

गहलोत ने औषधीय पौधे वितरित करने का दायरा बढ़ाने पर भी जोर दिया। सीएम ने कहा कि मानसून में अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए आमजन को सहभागी बनाएं। बैठक में मुख्य सचिव  उषा शर्मा, प्रमुख शासन सचिव अखिल अरोरा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास)  स्नेह कुमार जैन भी उपस्थित थे।

वन्यजीवों से छेड़छाड की घटनाओं को रोकें

सीएम गहलोत ने वन क्षेत्र में वन्यजीवों से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) में लंबित प्रकरणों को भी जल्द निस्तारित करने के निर्देश  दिए। वन एवं पर्यावरण मंत्री  हेमाराम चौधरी ने कहा कि विभाग द्वारा बजट घोषणाओं को समय पर पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध

बैठक में प्रमुख शासन सचिव वन एवं पर्यावरण शिखर अग्रवाल ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर एक जुलाई 2022 से प्रतिबंध के लिए आवश्यक कार्यवाही शुरू की जाएगी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हॉफ)  दीप नारायण पांडेय और अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक अरिन्दम तोमर ने भी विभागीय प्रगति के बारे में जानकारी दी।

Exit mobile version