जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान राज्य विप्र कल्याण बोर्ड अध्यक्ष महेश शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को शासन सचिवालय में विप्र बोर्ड की पहली समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में बोर्ड अध्यक्ष महेश शर्मा ने कहा कि विप्र कल्याण बोर्ड द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर वास्तु, ज्योतिष, कर्मकांड, वेद विज्ञान, पूजा पाठ, आध्यात्मिक चिंतन एवं पौरोहित्य संबंधि विषयों पर शॉर्ट टर्म प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
शर्मा ने विप्र कल्याण बोर्ड गठन करने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसका अच्छा परिणाम भी नजर आएगा। बोर्ड का मुख्य उद्देश्य विप्र समाज के विभिन्न वर्गों का जायजा लेने एवं उनके लिए सामजिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए कार्य करना है।
उन्होंने बताया कि विप्र समाज विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के संचालन तथा विभिन्न गतिविधियों के निष्पादन के लिए राज्य स्तर पर विप्र कल्याण कोष, विप्र भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव लेने का निर्णय लिया गया।
नवीन योजनाओं के प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजे जाएंगे
विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि राजस्थान राज्य विप्र कल्याण बोर्ड की प्रमुख गतिविधियों विप्र समाज की विभिन्न वर्गों के उत्थान एवं स्वरोजगार से जोडऩे के लिए नवीन योजनाएं, कार्यक्रमों के प्रारूप तैयार कर राज्य सरकार को अभिशंषा हेतु भेजे जाएंगे ताकि विप्र समाज की बालक-बालिकाओं के शैक्षणिक विकास, प्रारंभिक अवस्था से वेद विद्या का ज्ञान एवं विप्र समाज में कला एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रोत्साहन के लिए नवीन योजनाओं के प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजे जाएंगे।
डाटा बैंक तैयार किया जाएगा
शर्मा ने बताया कि विप्र कल्याण बोर्ड के माध्यम से विप्र समाज उत्थान के लिए कार्यरत विभिन्न गैर सरकारी धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों तथा मंदिरों में कार्यरत पुजारियों एवं व्यक्तियों का एकीकृत डाटा बैंक तैयार किया जाएगा। इस डाटा बैंक से विप्र समाज के संगठनों एवं पुजारियों का पंजीकरण किया जाएगा। विप्र कल्याण बोर्ड की वेबसाइट भी बनवाई जाएगी। बैठक में बोर्ड की उपाध्यक्ष मंजू शर्मा, बोर्ड सदस्य राजकुमार, पंडित सुरेश चंद,पवन शर्मा, डॉ. भास्कर शर्मा, राजेश रामदेव एवं श्रम विभाग के अतिरिक्त श्रम आयुक्त पतंजलि भू, संयुक्त निदेशक उद्योग पीएन शर्मा, सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग आकाश रंजन शर्मा, ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त आयुक्त केएम धूरिया एवं शिक्षा विभाग के उप सचिव सलीम खान सहित उच्च अधिकारी मौजूद थे।

