अवैध खनन करने वालों से 257 प्रकरणों में एक करोड़ की वसूली
जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। राज्य में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ पांच विभागों द्वारा 15 मई से चलाए जा रहे संयुक्त जांच अभियान के तीन दिनों में 257 प्रकरणों में 248 वाहन और मशीनरी जब्त कर एक करोड़ रुपए से अधिक की राशि वसूल की जा चुकी है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि वसूल राशि के अलावा 223 वाहन व मशीनरी संबंधित थानों में सुपुर्द होने के साथ ही करीब 25 हजार टन खनिज जब्त किया जा चुका है। अब तक 21 एफआईआर पुलिस में दर्ज कराई जा चुकी है। जिला कलक्टर द्वारा माइंस, वन, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग के संयुक्त जांच दल में विभाग मेें उपलब्ध खनि रक्षक और बोर्डर होमगार्ड को भी शामिल किया गया है। निदेशक माइंस कुंज बिहारी पण्डया ने बताया कि जब्त शुदा खनिजों में प्रमुख रुप से बजरी के साथ ही मेसेनरी स्टोन, फेल्सपार, क्रेशर डस्ट, चाईना क्ले, सिलिका सैंड, लाईम स्टोन, बेन्टोनाईट, क्रेशर ग्रिट आदि खनिज प्रमुख है।
तीन दिन में सबसे ज्यादा मामले जयपुर में पकड़ में आए
डॉ.अग्रवाल ने बताया कि अभियान के दौरान तीन दिनों में सर्वाधिक 29 प्रकरण जयपुर में दर्ज करने के साथ ही 30 वाहन की जब्ती हुई और सर्वाधिक 11 लाख 55 हजार 863 रूपए की वसूली की जा चुकी है। जयपुर में अब भी 29 जब्त वाहन मशीनरी थानों में हैं और 359 टन खनिज जब्त है। राज्य में सर्वाधिक 21346 टन खनिज की जब्ती बूंदी में की गई है। सर्वाधिक 10 एफआईआर सिरोही में दर्ज हुई है। भीलवाड़ा में 22, जोधपुर में 17, अजमेर व सिरोही में 16-16, नागौर में 12 व पाली, टोंक में 11-11 अवैध खनन, परिवहन व भंडारण के प्रकरण आए हैं।
जयसमंद के कैचमेंट की नदियों में अवैध खनन करने वाले गायब हुए
उदयपुर कलेक्टर ताराचन्द मीणा बुधवार कोजयसमन्द केचमेन्ट क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे। कलक्टर ने जयसमन्द केचमेन्ट क्षेत्र से निकलने वाली नदियां गोमती, मकरेड़ी और रूपारेल का निरीक्षण किया। कोट,चरमर, बुथेल, बासा, केनपुरा, लोदा, उथरदा और खरका गांवों की नदियों को भी देेखा। इस दौरान अवैध खनन वाले गायब मिले।

