उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हाईवे पर चलते-चलते एक स्लीपर कोच बस में आग लग गयी। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। बस कुछ ही मिनटों में आग के गोले में तब्दील हो गयी, गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित निकाल लिया गया।
सुखेर थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि प्राइवेट स्लीपर कोच बस नेपाल बॉर्डर से उदयपुर आ रही थी। बस में अचानक चलते चलते आग लग गयी। शॉर्ट सर्किट से आग लगना बताया जा रहा है। बस में जब आग लगी तब सवारियां बस में मौजूद थीं। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गयी। समय रहते ही बस से सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया।
लंबी यात्रा की सवारियों का सामान जल कर खाक हुआ
यात्रियों को बस में जैसे ही आग लगने का पता चला, सभी में अफरा-तफरी मच गयी। जिसके हाथ उसका जो सामान लगा वह लेकर बस से बाहर निकल गया। ऐसे में नेपाल बॉर्डर से आ रहे यात्रियों का काफी सामान आग में जलकर खाक हो गया।

