देवस्थान मंत्री ने ली उच्च स्तरीय बैठक, सितंबर में शुरू होगी तीर्थ यात्रा
जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। देवस्थान विभाग ने 60 साल या इससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा करवाने की तैयारी शुरू कर दी है। 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों के लिए यात्रा के दौरान एक सहायक को भी ले जाने की अनुमति होगी।
देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत ने सोमवार को जयपुर में बैठक में अधिकारियों को आगामी सितंबर माह से वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना प्रारंभ करने तथा जून माह से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा योजनान्तर्गत रेल यात्रा द्वारा देश के 12 धार्मिक स्थलों की व हवाईजहाज द्वारा पशुपतिनाथ, काठमांडू (नेपाल) की यात्रा करवाई जाएगी। तीर्थ यात्रा में पहली बार 20 हजार यात्रियों को देशभर के तीर्थ स्थलों तक ले जाया जाएगा। इनमें से 18 हजार यात्रियों को ट्रेन तथा 2 हजार यात्रियों को वायुयान के जरिए तीर्थ स्थल का भ्रमण करवाया जाएगा।
जन आधार कार्ड होना अनिवार्य होगा
देवस्थान मंत्री ने बताया कि यात्रा पर जाने वाले व्यक्तियों के लिए जन आधार कार्ड होना अनिवार्य है। जिन व्यक्तियों की आयु 1 अप्रैल, 2022 तक 60 वर्ष पूरी हो गई है या 1 अप्रैल 1962 से पहले जिनका जन्म हुआ है, वे व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा पाएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट घोषणा में इस योजना के लिए 13 करोड़ से बजट बढ़ाकर 30 करोड़ किया। यात्रियों की संख्या को भी 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार करने के निर्देश दिए थे।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव देवस्थान आनंद कुमार, देवस्थान आयुक्त करण सिंह, शासन सचिव गृह चंचल मिश्रा, निदेशक अल्पसंख्यक मामलात जमील अहमद कुरैशी, निदेशक जनस्वास्थ्य वीके माथुर, संयुक्त शासन सचिव पर्यटन दिनेश जांगिड़, संयुक्त शासन सचिव देवस्थान ओपी जैन, अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान अजय सिंह राठौड़ भी मौजूद थे।

