उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में 13 से 15 मई तक होने जा रहे कांग्रेस के चिंंतिन शिविर की तैयारियों को बुधवार को उदयपुर आए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर भाजपा पर जुबानी हमला बोला। डबोक एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि बीजेपी पूरी तरह से घबराई हुई है और वर्तमान में पूरे देश में अगर कोई बीजेपी के टारगेट पर है तो वह राजस्थान है। इसीलिए दंगेे भडक़ रहे है।
गुजरात में, मध्यप्रदेश में, दिल्ली में सब जगह क्या-क्या नहीं हुआ। हमारे यहां शांति रही है, यह शांति इनको हजम नहीं हो रही है, इनको ऊपर से इंस्ट्रक्शन्स हैं इनके हाईकमान के, कि जितना ज्यादा राजस्थान सरकार को बदनाम कर सको आप, जितना ज्यादा अस्थिरता पैदा कर सको, येन-केन प्रकारेण इस काम में आपको जो निर्देश मिले हैं और इसीलिए इनके अंदर प्रतिस्पर्धा हो रही है, इतने उम्मीदवार बन गए हैं मुख्यमंत्री के, प्रतिस्पर्धा चल रही है, इनको होमवर्क दे दिया गया है। इसलिए हर चीज को लंबा खींच रहे हैं।
इतने घबराए हुए है कि अब राष्ट्रीय कार्यकारिणी भी जयपुर में कर रहे हैं
गहलोत ने कहा कि अभी मैंने सुना कि अब वो(बीजेपी) जयपुर में राष्ट्रीय कार्यकारिणी कर रहे हैं। पता नहीं कि यह सच है या झूठ है, लेकिन इसी से अंदाज कर सकते हो कि राजस्थान के नाम से हीकितने घबराए हुए हैं, राजस्थान के नाम से ही इनकी नींद हराम हो रही है दिल्ली के अंदर, इसलिए पूरा टारगेट यहां पर मुख्यमंत्री को, सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र है और उसमें इनको हम कामयाब नहीं होने देंगे।
जनप्रतिनिधियों का धर्म बनता है कि शांति स्थापित करें
गहलोत ने कहा कि जोधपुर की घटना को लेकर कहा कि जोधपुर में अब शांति है। कल तमाम केंद्रीय मंत्री और जो पूर्व मंत्री सब उतर गए, ऊपर से कहा गया है, हमारे पास इन्फॉर्मेशन है जो सुनते आते हैं कि किस प्रकार इनको मैसेज आते हैं कि आपको किस प्रकार से कैंपेन चलाना है खिलाफ में। जबकि ऐसे वक्त में तो हम जो जनप्रतिनिधि हैं, उनका धर्म बनता है कि हम कैसे शांति स्थापित करें।
हमने तय कर रखा है कि हिंसा के मामले में कोई कॉम्प्रोमाइज नहीं होगा, दंगा किसी कीमत पर नहीं हो, अगर कहीं तनाव भी होगा तो कार्रवाई करेंगे, दंगा करने वाला चाहे कोई जाति का हो, कोई धर्म का हो, कोई वर्ग का हो और कोई राजनीतिक पार्टी का हो, समान व्यवहार किया जाएगा।

