गहलोत सरकार के मंत्री तैयारियों में लगे।
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में होने जा रहे कांग्रेस के चिंतन शिविर के दौरान 16 मई को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का बांसवाड़ा के बैणेश्वर धाम जाने का कार्यक्रम भी बन रहा है।
मंगलवार को जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने बैणेश्वर धाम पर सोनिया गांधी व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रस्तावित दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। मंत्री ने सभास्थल, हेलीपेड व अन्य कार्यक्रम स्थलों को भी देखा और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम संबंधी सभी तैयारियों को गंभीरता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिये।
हाईलेवल पुल का शिलान्यास होना है
अर्जुन बामनिया ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत बैणेश्वर धाम पर बनाये गये हाईलेवल पुल का शिलान्यास होगा। इसके बाद यहां सोनिया गांधी की सभा होगी। तैयारियां देखने पहुँचे मंत्री के साथ कलक्टर प्रकाशचंद्र शर्मा, एसपी राजेश कुमार मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर, कांग्रेस नेता दिनेश खोड़निया, डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा, पूर्व संसदीय सचिव नानालाल निनामा भी मौजूद थे।

