Site iconSite icon AR Live News

स्कूल में छात्राओं से छेड़छाड़, दो अध्यापक गिरफ्तार

rajasthan govt school two teachers arrested for harassing girl students in school in udaipur -1rajasthan govt school two teachers arrested for harassing girl students in school in udaipur -1

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के वल्लभनगर थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तारावट स्कूल में छठी, सातवीं की बच्चियों के साथ हो रही आपत्तिजनक हरकतों से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को स्कूल परिसर में हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने स्कूल अध्यापक किशनलाल आमेटा और अयूब अली पर स्कूल में बच्चियों के साथ आपत्तिजनक हरकतें करने का आरोप लगाया और दोनों की जमकर पिटाई कर दी।

सूचना मिलने पर वल्लभनगर थाना पुलिस और विधायक प्रीति शक्तावत भी स्कूल पहुंची। विधायक ने स्कूल प्रिंसीपल की जमकर लताड़ लगाई और बच्चियों के परिजनों से मुलाकात की।

थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि स्कूल के अध्यापक अयूब अली और किशनलाल आमेटा के खिलाफ स्कूल में बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में दो एफआईआर दर्ज की गयी हैं। एफआईआर में आईपीसी, पोक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं लगाई गयी हैं। दोनों आरोपी अध्यापकों को गिरफ्तार कर लिया है।

बच्चियों ने पूर्व में प्रिंसीपल से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई

घटनाक्रम के अनुसार वल्लभनगर थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तारावट की कक्षा छठी और सातवीं की बच्चियों ने परिजनों को शिकायत की थी कि स्कूल के दो अध्यापक किशनलाल आमेटा और अयूब अली उनके साथ कक्षा में गलत और आपत्तिजनक हरकतें करते हैं।

तीन-चार दिन पहले बच्चियों और परिजनों ने इसकी शिकायत स्कूल प्रधानाचार्य को की। लेकिन प्रधानाचार्य ने इस गंभीर शिकायत को हलके में लेकर टाल दिया और अध्यापकों के खिलाफ न तो कोई कार्रवाई की और न ही शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचित किया।

बच्चियों के साथ दोनों अध्यापकों की हरकतें बढ़ती जा रही थीं, इस पर शनिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल पहुंच कर हंगामा किया और अध्यापकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। सूचना पर वल्लभनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों अध्यापकों को गिरफ्तार कर लिया है।

स्कूल प्रिंसीपल ने बताया कि कुछ परिजनों ने तीन दिन पूर्व इन अध्यापकों के खिलाफ बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करने की शिकायत की थी। इस पर इन दोनों अध्यापकों को बुलाकर पाबंद कर दिया था। परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं थी, इसलिए शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचित नहीं किया था।

Exit mobile version