आर्मी एरिया की पहाड़ी पर लगी आग पर काबू पाने के बाद, हेलिकॉप्टर ने गुप्तेश्वर महादेव के होड़ा पर्वत पर आग बुझाने के लिए पानी का छिड़काव किया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर से सटे एकलिंगगढ़ छावनी के आर्मी एरिया में पहाड़ी पर लगी आग को बुझाने के लिए शुक्रवार को ऑपरेशन चला। गुजरात से आए एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर द्वारा आग बुझाने का कार्य किया गया। आर्मी एरिया की पहाड़ी पर लगी आग को हेलीकॉप्टर काबू करने में जुटा था कि गुप्तेश्वर महादेव जी मार्ग के होड़ा पर्वत पर आग लगी होने की सूचना आयी।
एकलिंगगढ़ छावनी के स्टेशन कमांडर ने बताया कि ऑपरेशन के तहत हेलीकॉप्टर द्वारा आग बुझाने का कार्य किया गया, वहीं सेना के जवानों ने दिन-रात मुस्तैदी के साथ सेवाएं दी। शुक्रवार की शाम तक हेलीकॉप्टर द्वारा पिछोला से 6 बकेट पानी भरकर प्रभावित क्षेत्र में छिड़ककर काफी हद तक आग पर काबू पाया गया।
वन सम्पदा और वन्यजीवों को आग से बचाने कलेक्टर कर रहे प्रयास
इसके बाद हेलीकॉप्टर ने गुप्तेश्वर महादेव जी मार्ग के होड़ा पर्वत पर लगी आग पर पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कलक्टर ताराचंद मीणा ने सैन्य अधिकारियों से बात कर आग बुझाने के लिए जारी प्रयासों की जानकारी ली।
क्षेत्रवासी किशन लाल पटेल और प्रमोद शर्मा ने बताया कि एकलिंगपुरा से गुप्तेश्वर महादेव जी मार्ग के होड़ा पर्वत पर आग लग गयी थी और हवा के साथ क्षेत्र में बढ़ती जा रही थी। इसकी प्रशासन को सूचना दी गयी। प्रशासन ने इस पर सक्रियता दिखाई और हेलीकॉप्टर ने होड़ा पर्वत पर पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

