आग का दायरा बढ़ा तो सज्जनगढ फोर्ट और बायो-पार्क के नजदीक की पहाड़ी पर भी पहुंच सकती है आग
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। सज्जनगढ़ अभयारण्य क्षेत्र में गोरिल्ला पॉइंट के नजदीक की पहाड़ियां आग से धधक रही हैं। सोमवार सुबह आग का दायरा काफी बढ़ गया। बायोलॉजिकल पार्क और सज्जनगढ़ फोर्ट को कोई खतरा न हो, इसे देखते हुए कलेक्टर ताराचंद मीणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग पर जल्द से जल्द काबू पाने के लिए हेलिकॉप्टर बुलाया है।
डीएफओ डॉ. अजित ऊंचोई ने बताया कि रविवार सुबह गोरेल्ला पॉइंट के तरफ से अभयारण्य क्षेत्र में आग लगने की सूचना आयी थी। इस पर तत्काल वनकर्मी मौके पर पहुंच गए थे और फायरब्रिगेड को भी बुला लिया गया था। गोरेल्ला पहाड़ी के निचले हिस्से में काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन रात को तेज हवा चलने से आग पहाड़ी के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गयी।
मौके पर फायरब्रिगेड और वन विभाग के कर्मचारी आग बुझाने के कार्य में लगातार जुटे हुए हैं, इसके बावजूद आग का दायरा बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए कलेक्टर के निर्देशन में हेलिकॉप्टर बुलाया गया है, ताकि आग सज्जनगढ़ फोर्ट और बायोलॉजिकल पार्क की तरह न बढ़ सके।
अभी आग फोर्ट से करीब तीन किलोमीटर दूर है
वनकर्मियों ने बताया कि आग पर लगातार काबू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सज्जनगढ़ फोर्ट से आग करीब 3 किलोमीटर दूर है, लेकिन अगर समय रहे आग पर काबू नहीं पाया जा सका, तो आग फोर्ट के नजदीक पहाड़ी तक भी पहुंच सकती है। ऐसे में आग से फोर्ट और बायो-पार्क को खतरा तो बना हुआ है।

