उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जिले में नाई थाना क्षेत्र के उदयपुर-झाड़ोल रोड स्थित नांदेश्वर मोड़ पर बीती रात पिकअप के खाई में गिरने से हुए एक्सीडेंट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गयी है। मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल है। वहीं घायल 15 लोगों में 2 की हालत बेहद गंभीर बनी हुई हैं। गुरूवार सुबह पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए। बारापाल के पास खरपीणा गांव में एक साथ इतने शव पहुंचने से वहां कोहराम मच गया।
थानाधिकारी सबीर खां ने बताया कि हादसे में खरपीणा निवासी तीन बच्चे जोयल (4 वर्ष) पुत्र राजू मीणा, गौतम (10 वर्ष) पुत्र ककुआ मीणा, दुर्गेश (12 वर्ष) पुत्र किशन मीणा, भैरा (45वर्ष) पुत्र तेजा मीणा, चोखा (40वर्ष) पुत्र सवा मीणा, कड़ुवा (55वर्ष) पुत्र मंगला मीणा और नाई के पोपल्टी फला फांदा निवासी अंबालाल (39वर्ष) पुत्र भैराजी गमेती की मौत हुई है। हादसे में खरपीणा निवासी पिकअप चालक नारायण पुत्र हर जी घायल है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्यपाल कलराज मिश्र ने हादसे में शोक व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि नाई थाना क्षेत्र के नांदेश्वर मोड़ पर बुधवार रात एक तेज गति पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में गिर गयी थी। पिकअप में खरपीणा निवासी महिलाओं, बच्चों सहित करीब 20 लोग सवार थे। यह सभी लोग अलसीगढ़ के पास कालीवास गांव में रिश्तेदार के यहां हुए सगाई कार्यक्रम से लौट रहे थे। पिकअप चालक नशे में धुत था और तेज गति में गाड़ी चला रहा था। नांदेश्वर मोड़ पर अनियंत्रित हुई पिकअप ने एक बाइक चालक को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे खड़े लोगों को चपेट में लेते हुए 10 फीट खाई में जा गिरी।

