उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। फील्ड स्तर पर विभागीय योजनाओं के सतत क्रियान्वन और समीक्षा के लिए मंगलवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने ब्लॉक स्तरीय बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव से मलेरिया, उल्टी-दस्त सहित अन्य मौसमी बीमारियों के फैलने का अंदेशा रहता है। इसलिए अस्पताल आने वाले संभावित लक्षणों के मरीजों की मलेरिया स्लाइड अनिवार्य रूप से लें।
फीवर विद रैश के मामलों की तुरंत रिपोर्टिंग करें
निरोगी राजस्थान, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, एमएनजेवाय सहित फ्लैगशिप योजनाओं और राजश्री, जननी सुरक्षा, निक्षय पोषण योजना जैसी कई विभागीय योजनाओं में पात्र लोगों को मिलने वाले आर्थिक लाभ पर सीएमएचओ ने चर्चा की। उन्होंने कहा की हम सब की जिम्मेदारी है की हर पात्र व्यक्ति को विभागीय योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए टारगेट ग्रुप के लक्ष्य को बाटकर कार्ययोजना बनाएं और उसी अनुसार कार्य करें।
बैठक में डब्लूएचओ एसएमओ डॉ. अक्षय व्यास ने आईएचआईपी पोर्टल पर की जा रही ऑनलाइन एंट्री की समीक्षा की। उन्होंने इस पर नियमित रूप से एंट्री करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी एएनएम को पोर्टल पर s-फॉर्म में एंट्री करने के बारे में भी जानकारी दी। नियमित टीकाकरण और वीबीडी पर चर्चा करते हुए डॉ व्यास ने फीवर विद रैश के मामलों की तुरंत रिपोर्टिंग करने के लिए कहा।

