Site iconSite icon AR Live News

नेशनल हाईवे का एक्सईएन 13 लाख रूपए रिश्वत लेते धरा गया

acb-arrest-national-highway-xen-for-taking-bribe-of-15-lakh-rupees udaipur acb raid in paliacb-arrest-national-highway-xen-for-taking-bribe-of-15-lakh-rupees udaipur acb raid in pali
एसीबी टीमों ने एक्सईएन के जयपुर और पाली स्थित निवास की तलाशी ली और आवश्यक दस्तावेज भी जब्त किए

उदयपुर, (एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उदयपुर की टीम ने मंगलवार सुबह पाली में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) यज्ञदत्त विदुवा को 13 लाख रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एक्सईएन यह राशि राष्ट्रीय राजमार्ग नं-8 ब्यावर-गोमती सैक्शन में पैकेज-2 पर हो रहे काम में कोई रूकावट नहीं डालने और बिल पास करने की एवज में ले रहा था।

एसीबी एसपी राजीव पचार ने बताया कि परिवादी उदयपुर के सूर्यनगर सवीना निवासी विमल कुमार ने एसीबी कार्यालय पर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम के एक्सईएन यज्ञदत्त विदुवा के खिलाफ रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि परिवादी की कम्पनी द्वारा किये जा रहे राष्ट्रीय राजमार्ग नं-8 ब्यावर-गोमती सैक्शन में पैकेज-2 के 188 करोड़ 44 लाख के कार्यों को निर्बाध रूप से चलने देने एवं 75 लाख रुपये की हैण्ड रिसिप्ट (एचआर) रिलीज करने की एवज में पाली में एनएचआईडीसीएल एक्सईएन यज्ञदत्त 13 लाख रूपये रिश्वत मांग रहे हैं।

रिश्वत में लिया एप्पल का लैपटॉप (मैक-बुक) भी हुआ जब्त

परिवादी ने बताया कि इसी काम की एवज में एक्सईएन पहले हमसे एप्पल कंपनी का एक लैपटॉप भी ले चुका है। अब रिश्वत के 13 लाख रूपए नहीं देने पर हमें परेशान किया जा रहा है।

एसीबी टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, पुष्टि होने पर आज एसीबी डीएसपी हेरंब जोशी के नेतृत्व में एसीबी निरीक्षक हरिशचंद्र सिंह ने ट्रेप कार्यवाही की और एक्सईएन यज्ञदत्त विदुवा को 13 लाख रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी टीमें एक्सईएन के जयपुर में गणेश विहार, रिद्धिसिद्धि गोपालपुरा बाईपास स्थित निवासी और पाली स्थित निवास की तलाशी ले रही है। एक्सईएन ने पूर्व में जो एप्पल कम्पनी का लेपटॉप मैक-बुक परिवादी से लिया था, वह भी बरामद कर लिया गया है।

Exit mobile version