Site iconSite icon AR Live News

खबर कुछ हटके: नींबू पहुंचा 300 रूपए किलो, पारा 40 डिग्री के पार

bhagvat katha badgaon udaipurbhagvat katha badgaon udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गुजरात के बाद राजस्थान में भी नींबू ने परिवारों और सब्जी मंडियों में तहलका मचाया हुआ है। 15 दिनों में नींबू की कीमतें 100 रूपए से 300 रूपए किलो तक पहुंच गयी है। अप्रेल की शुरूआत में ही तापमान ने भी रिकॉर्ड तोड़े हैं, इससे नींबू की डिमांड भी बढ़ गयी।

उदयपुर की सब्जी मंडियों में बुधवार को 300 रूपए किलो तक बिका, वहीं आज गुरूवार को नींबू की सप्लाई थोड़ी बढ़ने से दाम कुछ कम हुए हैं और मंडी में 200 रूपए किलो नींबू बिक रहा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से सभी प्रकार की फल-सब्जी के दाम बढ़े हैं, लेकिन इसका सबसे ज्यादा इफेक्ट नींबू पर ही क्यों पड़ा।

फसल खराबे से सप्लाई कम हुई और गर्मी ज्यादा होने से डिमांड बढ़ गयी

उदयपुर की सवीना फल-सब्जी मंडी अध्यक्ष मुकेश खिलवानी ने बताया कि आज गुरूवार को नींबू के दाम पिछले दिन से तो कम हुए हैं, नींबू की आवक बढ़ी है, उम्मीद है कि आने वाले दिनों में दाम और कम होंगे। राजस्थान में ज्यादातर नींबू दक्षिण भारत के राज्यों और गुजरात से सप्लाई होता है।

अध्यक्ष खिलवानी ने कहा दो महीने पहले हुई बेमौसम बारिश से नींबू की फसल खराब हुई थी, इससे सप्लाई कम हो रही है, वहीं जो तापमान मई-जून की गर्मी मे होता था, उतना तापमान इस बार मार्च-अप्रेल में हो गया। इससे नींबू की डिमांड भी एकदम से बढ़ी। डिमांड ज्यादा और सप्लाई कम होने से नींबू के दाम एक दम बढ़ गए। हालां कि उम्मीद है कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे नींबू की सप्लाई बढेगी, दाम सवा-सौ से डेढ़-सौ रूपए किलो तक पहुंच जाएंगे।

जैसलमेर के बाद मेवाड़ के बांसवाड़ा-डूंगरपुर सबसे ज्यादा गर्म

अप्रेल के शुरूआती दौर में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने तेज कर दिए हैं। राजस्थान के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। अधिकतम तापमान जैसलमेर में 43.4 डिग्री, बांसवाड़ा में 43.3, डूंगरपुर में 43.3 डिग्री, जोधपुर 42.2, बीकानेर 42.8, फलौदी 42.8 डिग्री रहा। दिन के साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी लगातार बनी हुई है। उदयपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है।

Exit mobile version