उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जिले के सायरा थाना क्षेत्र में के रणकपुर घाटे में सोमवार सुबह हुए कार एक्सीडेंट में जोधपुर के मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट निदेशक करणी सिंह जसोल की मृत्यु हो गयी है। करणी सिंह नवरात्रा में रूपल माता मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। करणी सिंह के निधन की खबर मिलने पर पूर्व राजपरिवार के गज सिंह सहित राजपरिवार में शोक व्यक्त किया है।
पुलिस ने बताया कि हादसा आज सुबह 6 बजे हुआ है। करणी सिंह रणकपुर में रुपल माता के मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। सायरा-रणकपुर रोड पर कार अचानक अनियंत्रित होकर डेढ़ सौ फीट गहरी खाई में गिर गयी। कार खाई में एक पेड़ के सहारे टिक गयी, लेकिन खाई में गिरने के बाद धमाके के साथ कार में भीषण आग लग गयी। हादसे में कार सवार करणी सिंह जसोल की मृत्यु हो गयी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव सायर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
बालोतरा प्रधान भी रह चुके करणी सिंह
जानकारी के अनुसार करणी सिंह जसोल पूर्व मंत्री जसवंत सिंह जसोल के परिवार से ताल्लुक रखते थे। करणी सिंह काफी मिलनसार थे। मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट निदेशक रहते हुए उन्होंने देश-विदेश में ट्रस्ट के अनेक कार्यक्रम करवाए। वे खुद बालोतरा प्रधान भी रहे।

