Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर में 21वीं राष्ट्रीय पैरा-स्विमिंग चैम्पियनशिप 25 मार्च से: 23 राज्यों के 400 दिव्यांग तैराक लेंगे हिस्सा

21st national para swimming championship on 25-27 march21st national para swimming championship on 25-27 march

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। पैरालिम्पिक कमेटी ऑफ इण्डिया और नारायण सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में महाराणा प्रताप खेलगांव स्थित तरण ताल परिसर में 25 से 27 मार्च तक 21वीं राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग चैम्पियनशिप होगी। इस नेशनल चैंपियनशिप में 23 राज्यों के 400 से अधिक दृष्टि बाधित, बौद्धिक असक्षम एवं शारीरिक दिव्यांग तैराक हिस्सा लेंगे। खासबात यह है कि इस चैम्पियनशिप में विजेता होने वाले तैराक इसी साल चीन में होने जा रहे पैरा एशियन गेम के लिए क्वालिफाई करेंगे।

पैरालिम्पिक कमेटी ऑफ इण्डिया के पैरा तैराकी चेयरमैन डॉ. वीके डबास ने बताया कि चैम्पियशनशिप में विभिन्न श्रेणियों में तैराकी प्रतियोगिताएं होंगी। दृष्टि बाधित और दिव्यांग के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में जूनियर, सब जूनियर और सीनियर कैटेगरी में प्रतियोगिताएं होंगी। 315 पुरूष वर्ग और 90 महिला वर्ग के तैराक प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

चेयरमैन डॉ वीके डबास ने बताया कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि इस नेशनल चैपिंयनशिप में नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी नाडा और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया भी शामिल हो रहे हैं। ऐसे में चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों का डोपिंग टेस्ट भी होगा।

24 मार्च को होगा प्रतिभागी तैराकों का मेडिकल

स्वीमिंग कोच महेश पालीवाल ने बताया कि सभी टीमें 23 मार्च तक उदयपुर पहुंच जाएंगी। 24 मार्च को तरणताल परिसर में तैराकों के वर्गीकरण व वेरीफेकशन के साथ टीम प्रबंधकों, प्रशिक्षकों व अन्य ऑफिसर्स की बैठक होगी। 25 मार्च को सुबह 11 बजे चैम्पियनशिप का उद्घाटन टोक्यो पैरालिम्पिक 2021 में गोल्ड मैडल विजेता देवेन्द्र झाझरिया एवं कृष्ण नागर सहित गणमान्य अतिथियों करेंगे।

नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशान्त अग्रवाल ने बताया कि उदयपुर में यह चैम्पियनशिप दूसरी बार होने वाली है। इससे पहले 2017 में 17वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता भी संस्थान ने ही आयोजित की थी। देशभर के 23 राज्यों से आने वाले 400 से अधिक तैराक और उनके कोच व परिजनों के ठहरने सहित भोजन-पानी की बेहतर व्यवस्था की गयी हैं। पैरा तैराकी के इस महाकुम्भ के सफल संचालन के लिए स्वागत समिति, आवास, वाहन, भोजन, प्रोटोकोल, पेयजल, विद्युत, सफाई, प्राथमिक उपचार, भ्रमण आदि उपसमितियां हैं जो सभी व्यवस्थाएं संभाल रही हैं।

शहर में पैरा तैराकों के स्वागत के लिए जगह-जगह बैनर-हार्डिंग्स लगाए गए है। रेल्वे स्टेशन, बस स्टेण्ड व एयरोड्रम पर उनकी सहायता के लिए व्हील चेयर व वाहन के साथ कार्यकर्ता मौजूद है। आयोजन स्थल तरणताल व तैराकों के आवास स्थल बेरियर्स फ्री रखे गए है। खिलाड़ियों के आवास स्थल एवं आयोजन स्थल खेलगांव तरणताल पर आवश्यकतानुसार वहां रैम्प बनाए गए है।

Exit mobile version