उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। जिले की भींडर पंचायत समिति में बग्गड़ पंचायत की सरपंच पूजा चौबीसा के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को पास हो गया। आपसी मनमुटाव के कारण असंतुष्ठ वार्ड पंच मिलकर सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए थे।
बुधवार को पंचायत मुख्यालय पर पुलिस बल की मौजुदगी में हुए मतदान में 10 में से 8 वोट अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में पड़े। जो कि कुल सदस्य के तीन चौथाई से अधिक है। मतगणना के बाद प्राधिकृत अधिकारी मोहकम सिंह ने अविश्वास प्रस्ताव पास होने की घोषणा कर सरपंच का पद रिक्त घोषित कर दिया। इस दौरान रमेश सिरवी भी मौजूद थे।
आपसी मनमुटाव से चली गई सरपंच की कुर्सी
स्थानीय लोगों के अनुसार बग्गड़ सरपंच पूजा चौबीसा और वार्ड पंचो के बीच पिछले लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। सरपंच पर आरोप था कि वो वार्ड पंचों को तवज्जों नहीं देती हैं और उनके काम भी नहीं हो रहे। इससे नाराज होकर वार्ड पंचों ने पिछले दिनों सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया। उस पर बुधवार को मतदान हुआ।

